भिवानी। एसपी अजीत सिंह ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में जिलेभर के पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना अंतर्गत आने वाले इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराधों पर अंकुश लगाने की सख्त हिदायतें दी।
एसपी अजीत सिंह ने बैठक में मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों को हिदायतें दी कि थाने में आने वाले शिकायतों को दर्ज कर पीड़ित को उसकी रसीद दें और तत्परता से कदम उठाए। महिला व बाल विरुद्ध अपराधों में पुलिस बिना किसी देरी के तत्परता से कार्रवाई कर महत्वपूर्ण तथ्य जुटाकर आरोपियों की गिरफ्तारी करे। एसपी ने थानों व चौकी में आने वाले हर फरियादी के साथ विनम्रता से व्यवहार करने और उसकी शिकायत को ध्यान से सुनकर उस पर तत्काल कदम उठाने की भी हिदायत दी। इसी के साथ एसपी ने अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदात पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस रायडर व पीसीआर की गश्त बढ़ाने पर भी जोर दिया। एपी ने एनडीपीएस एक्ट, एक्साइज एक्ट सहित आर्म्स एक्ट के तहत मामलों में भी प्रभावी कदम उठाने की सख्त हिदायत दी। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह ने कहा कि पुलिस हर संभव सतर्क रहकर अपनी ड्यूटी करते समय लोगों के जानमाल की सुरक्षा करें।