भिवानी। जिले में चोरी का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया। चोर बवानीखेड़ा में एक घर से करीब साढ़े चार लाख के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। चोरों ने दिनोद निवासी एक शिक्षक के घर करीब एक लाख की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मौकों का निरीक्षण कर तथ्य जुटाए। वहीं चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीरवार को एक ही रात में दो वारदातें हुई। पहली चोरी की वारदात गांव दिनोद में हुई। एक शिक्षक के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर के अंदर से 15 हजार रुपये की नकदी सहित आभूषणों पर हाथ साफ कर ले गए। वारदात के समय शिक्षक की पत्नी और बच्चे घर के अंदर मौजूद थे। वारदात की सूचना सदर पुलिस थाना में दी। पुलिस ने इस संबंध में चोरी का केस दर्ज किया है। सदर पुलिस थाना में दी शिकायत में गांव दिनोद निवासी रमजान ने बताया कि वह दिल्ली में बतौर शिक्षक नौकरी कर रहा है। घर पर उसकी पत्नी व बच्चे रहते हैं।
वीरवार की रात को घर के अंदर चोर घुस गए। चोरों ने सोने की चेन, सोने का लॉकेट, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की चुटकी, पॉजेब, नारियल, अंगूठी सहित 15 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर डाला। चोरी सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी जा रही है। चोरी की वारदात की जानकारी शुक्रवार सुबह लगा। उसकी पत्नी ने फोन कर उसे चोरी के बारे में बताया। चोरों ने घर के अंदर सामान बिखेर दिया। वहीं, घर में लॉकर के ताले भी चटका डाले। सदर पुलिस की टीम ने मौके का मुआयना किया। वहीं, इस संबंध में शिक्षक की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।
साढे़ चार लाख के आभूषण और नकदी ले उड़े चोर
भिवानी। कस्बा बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव जीताखेड़ी के एक मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोर करीब साढे़ तीन लाख के आभूषण और करीब एक लाख की नकदी ले उड़े। घटना की सूचना मिलने के बाद बवानीखड़ा थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और तथ्य जुटाए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बवानीखेड़ा पुलिस को दी शिकायत में जीताखेड़ी निवासी राजकुमार ने बताया कि उसने अपने मकान का निर्माण शुरू किया हुआ है। वीरवार की रात को उसके मकान में चोर घुस गए। चोर घर से एक लाख रुपये की नकदी, दस तोले सोना चोरी कर ले गए। चोरी गए सामानों में एक माला हार, चेन सोने की, झुमका, नाथ, टीका, अंगूठी, दो जोड़ी सोने की बाली, 500 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनमें तागड़ी, चार जोड़ी तोड़िये, हार, अंगूठी, कुंडल शामिल थे। चोर आधार कार्ड, पैनकार्ड और डेबिट कार्ड भी ले गए। चोरी सामान की कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये है। चोरी की वारदात की सूचना पर बवानीखेड़ा पुलिस ने मौका मुआयना किया। वहीं इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।