जहरीले पदार्थ के सेवन से इनेलो नेता के भाई की मौत हो गई। शव का बुधवार को हिसार में पोस्टमार्टम होगा। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
घटना मंगलवार सुबह की है। इनेलो नेता पप्पल ठाकुर के भाई करीब 42 वर्षीय श्योपाल ने सुबह करीब साढे़ नौ बजे नया बाजार स्थित अपने आवास पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उन्हें महम गेट स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां गंभीर हालत के चलते परिजन उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल ले गए। दोपहर के समय उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर शहर थाना पुलिस के कर्मचारी हिसार पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों के अनुसार, श्योपाल ने घर पर ही जहरीले पदार्थ का सेवन किया।
मामले की जांच कर रहे एएसआई जगमाल सिंह ने बताया कि मृतक के भाई पप्पल ठाकुर के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। परिजनों ने बयान दिया है कि श्योपाल ने सुबह घर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर वे उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। जहरीले पदार्थ के सेवन के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है।