पांच साल में रुपये लगभग तीन से चार गुणा देने के नाम पर 30 लाख की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में डाबर कॉलोनी निवासी शिव कुमार प्रजापत ने बताया कि वर्ष 2007 में शहर में एक कंपनी का कार्यालय खुला था। जिनकी मुख्य ब्रांच जयपुर में थी। कंपनी ने शहर में बड़ा कार्यक्रम भी किया।
कंपनी ने करीब सात हजार रुपये के 25 हजार रुपये देने की बात कही। शहर के अनेक लोगों ने रुपये इसमें इन्वेस्ट किए। उसने व उसके कुछ जानकार करीब चार सौ लोगों ने 30 लाख रुपये कंपनी में जमा करवाए। मगर पांच वर्ष तक उन्हें एक रुपया नहीं मिला। बाद में कंपनी ने घाटा दिखाकर छह हजार आठ सौ रुपये के बदले 55 सौ रुपये देने की बात कही। अब सात साल बीत चुके है और उन्हें एक रुपया भी वापस नहीं मिला है। जब वह जयपुर गए तो कुछ गुंडा तत्वों ने उन्हें कार्यालय से बाहर निकाल दिया।
पुलिस ने शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व मारपीट का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे एसआई गल्लाराम ने बताया कि चूरू जिले के राजगढ़ तहसील के जनन खैर गांव वासी तेजपाल, सुरेंद्र, महेश, सज्जन कुमार, लोहारू वासी सोमबीर व खलीराम के खिलाफ धोखाधड़ी व मारपीट का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जाएगी।