गांव इंदीवाली में पाइप दबाने के लिए उखड़ी गई सड़क के बाद बदहाल हुई गांव की गली।
कैरू। गांव इंदीवाली में जून माह में पुरानी पाइपलाइन हटाकर नई पेयजल लाइन बिछाने के काम के दौरान गलियों को अधूरी छोड़ देने से ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लाइन बिछाने के बाद गलियों को उखाड़कर छोड़ दिया गया था। शिकायत मिलने पर जेसीबी से लीपापोती की गई, लेकिन जुलाई की बारिश के बाद गलियों की हालत और खराब हो गई और निकलना भी मुश्किल हो गया।
ठेकेदार ने गलियों को फिर से उखाड़कर मजदूरों से लीपापोती का प्रयास किया, लेकिन यह भी पर्याप्त नहीं रहा। वर्तमान में गांव की गलियों में जमा कीचड़ सभी के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीण बजरंग लाल, विनोद कुमार, नरेश कुमार, राजेश, बलवीर सिंह, अतर सिंह, रामकुमार और विजय कुमार ने इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। पंचायत समिति सदस्य सोनू ने कहा कि ठेकेदार और ग्राम पंचायत को मिलकर यह कार्य जल्द पूरा करना चाहिए ताकि ग्रामीणों की समस्या हल हो सके। सरपंच प्रतिनिधि गणपत सिंह ने बताया कि पाइपलाइन दबाने के लिए तोड़ी गई सड़क की मरम्मत का काम केवल ठेकेदार द्वारा ही कराया जाएगा।
जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ नवीन ने बताया कि ठेकेदार गलियों और नालियों का काम पूरी तरह से करवाएगा लेकिन बारिश के कारण काम में देरी हो रही है। उन्हें जल्द ही पूरा करवाने का निर्देश दिया गया है।