तोशाम। पीने के पानी की पाइप लाइन बिछाने के नाम पर ठेकेदार ने आदर्श ग्राम तोशाम की सड़कों की सूरत ही बिगाड़ दी। पेयजल लाइन के लिए उखाड़ी गई गली-मोहल्लों की सड़कों की मरम्मत करने में खानापूर्ति की जा रही है। नतीजन सड़कें धंस गई हैं वहीं कई स्थानों पर खानापूर्ति से भी परहेज रखा गया है। ग्राम पंचायत तोशाम द्वारा लिखित में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद भी कोई कार्रवाई अमल में नहीं आ रही। गलियों की दशा बिगड़ने पर कस्बा वासियों में रोष है।
कस्बा तोशाम में पेयजल लाइन दबाने के लिए खोदी गई गलियों की सड़क की मरम्मत किए बगैर ही छोड़ा जा रहा है या फिर मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। टूटी सड़क पर ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी बनी हुई है। रात के अंधेरे में बुजुर्ग गड्ढों के शिकार बन रहे है। कस्बावासियों में गली-मोहल्ले की सड़कों की दशा को लेकर भारी रोष है। लोगों ने बताया कि कस्बे में पाइप लाइन डालने के बाद जगह-जगह सड़क धंस गई है वहीं कहीं-कहीं तो तीन से चार फीट तक के गड्ढे हो गए हैं। अब बरसात के सीजन में दशा और भी खराब होने की संभावना है। सड़क पर बने गड्डों में गिरकर बाइक सवार चोटिल हो रहे हैं।
एक तरफ लोगों की सुविधा के लिए लाखों रुपये खर्च कर गलियां बनाई गई वहीं दूसरी ओर सड़क को खोदकर पाइप बिछाने वाले ठेकेदारों ने सड़क की सूरत बिगाड़ दी। ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल लाइन दबाने के लिए ठेकेदार द्वारा सड़क से टाइल उखाड़कर जेसीबी से खुदाई की थी। इसके बाद पेयजल पाइप भी दबा दिए गए। कुछ दिन बाद घरों में नल कनेक्शन भी किए गए। लेकिन महीने बीतने पर भी ठेकेदार ने सड़क को टाइल लगाकर अच्छे से दुरुस्त नही किया। खानापूर्ति कर दी गई जिसके बाद सड़कें धंस रही हैं।
लोगों ने अवगत करवाते हुए विभागीय अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी थी। लोगों की मानें तो विभाग भी समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। जिसके चलते ठेकेदार लोगों की समस्या की अनदेखी कर रहा है। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में सरपंच राजेश तंवर ने बताया कि गलियों की दशा बेहद खराब कर दी गई है। इस संबंध में अधिकारियों को लिखित में शिकायत की जा चुकी है। जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ विक्रम पूनियां ने बताया कि जहां कहीं दिक्कत है उसको अतिशीघ्र दुरुस्त करवा दिया जाएगा