बवानीखेड़ा। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंगलवार को हांसी को जिला बनाने की घोषणा की है। इसके तहत बवानीखेड़ा को भी प्रस्तावित जिले में शामिल करने की संभावना के मद्देनजर गांव जाटू लोहारी जगन्नाथ मंदिर परिसर में पंचायत हुई।
इसमें सर्वसम्मति से भिवानी जिले में रहने का फैसला लिया गया। इसके लिए पंचायत की तरफ से प्रस्ताव बनाकर विधायक कपूर वाल्मीकि के माध्यम से सीएम नायब सिंह सैनी के पास भेजा गया।
ग्रामीणों का तर्क था कि भिवानी से लोहारी जाटू महज नौ किलोमीटर दूर तो हांसी करीब 26 किलोमीटर दूर है। ऐसे में भिवानी जिले से ही जुड़े रहना उनके लिए फायदेमंद रहेगा।
विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने बताया कि जाटू लोहारी को हांसी जिले में शामिल नहीं किया जाएगा। इस बारे में वे पहले भी सीएम नायब सिंह सैनी से चर्चा कर चुके हैं लेकिन सोशल मीडिया पर फैले वायरल संदेश से लोग गुमराह हुए हैं।
फिलहाल हांसी पुलिस की सीमाबंदी के हिसाब राजस्व रिकाॅर्ड तैयार किया जा रहा है। इसके बाद भी जरूरत पड़ी तो सीएम से दोबारा मुलाकात की जा सकती है। बैठक में सरपंच प्रतिनिधि मुकेश कुमार, पूर्व सरपंच जयदेव, हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा के उपाध्यक्ष वीरेंद्र तंवर, प्रोफेसर करतार, बलबीर ठेकेदार आदि ग्रामीण मौजूद रहे।