नशे में धुत चालक ने रविवार की सुबह अपनी मारुति वैन को लघु सचिवालय के पीछे स्थित ट्रांसफार्मर के पोल में ठोंक दी। जोरदार टक्कर से दोनों पोल क्षतिग्रस्त हो गए। उन पर रखा ट्रांसफार्मर भी वैन पर गिर गया। हादसे में चालक तो बाल-बाल बच गया, लेकिन पूरे क्षेत्र की बिजली गुल गई।
उपायुक्त, जिला जज सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों के आवासों में पूरे दिन इस ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति नहीं हो पाई। छुट्टी के दिन बिजली न मिलने से अफसर परेशान रहे।
बताते हैं कि दिल्ली निवासी अजय भिवानी स्थित एक रिश्तेदार के घर आया हुआ था। रविवार की सुबह वह मारुति वैन से चिड़ियाघर के सामने से भीम स्टेडियम की ओर जा रहा था। लापरवाही पूर्वक ड्राइविंग करते हुए उसने लघु सचिवालय के पीछे स्थित एडीसी के पुराने आवास के सामने लगे विद्युत पोल में वाहन ठोंक दी।
टक्कर इतना जोरदार था कि समानांतर खड़े दोनों पोल टूट गए। उनके ऊपर रखा 200 केवी ट्रांसफार्मर मारुति वैन पर गिर गया। इससे वैन के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। संयोग अच्छा था कि चालक गाड़ी से बाहर निकल गया था। गाड़ी छोड़कर भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह नशे में था। सूचना मिलने पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। बिजली निगम के अफसरों की शिकायत पर उसके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
दिन भर बिजली को तरसते रहे अफसर
एडीसी के पुराने आवास के सामने लगे 200 केवी के ट्रांसफार्मर से सड़क के दूसरी ओर स्थित अफसरों के आवासों को बिजली आपूर्ति होती है। उपायुक्त, जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों के आवासों में बिजली इसी ट्रांसफार्मर से जाती है।
हादसे के कारण गिरने से ट्रांसफार्मर का राड, बुशिंग व अन्य कई उपकरण टूट गए। काफी मात्रा में तेल भी बह गया। सूचना मिलने पर पहुंचे निगम कर्मचारी पूरे दिन इसे दुरुस्त करने में लगे रहे। नए पोल लगाकर ट्रांसफार्मर को दोबारा ऊपर स्थापित करने में घंटों का समय लग गया। घटना सुबह 7 बजे की थी, लेकिन शाम 7 बजे तक आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई थी। हालांकि कर्मचारी इसके मेंटनेंस में लगे हुए थे।