भिवानी। स्थानीय पंचायत भवन में शुक्रवार को प्रदेश के शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा ने जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में 15 परिवादों की सुनवाई की जिनमें आठ पुराने और सात नए मामले शामिल थे। सुनवाई के दौरान तीन मामलों में मंत्री ने जांच कमेटी गठित कर विस्तृत जांच के आदेश दिए जबकि नौ मामलों का मौके पर निपटारा किया गया। बैठक में आपसी जमीनी विवाद, बिजली, पानी और सीवर की समस्या के साथ धोखाधड़ी के मामले भी गूंजे। मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सुनवाई के दौरान एक फरियादी ने जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्यों की जांच पर सवाल उठाया तो अन्य सदस्य भी उसके समर्थन में खड़े हो गए। मंत्री को हस्तक्षेप कर मामला शांत कराना पड़ा। वहीं पति की मौत के साढ़े तीन साल बाद विधवा महिला की पेंशन शुरू होने पर मंत्री ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से पूछा कि पेंशन में इतनी देरी क्यों हुई। अधिकारी कभी आवेदन न मिलने तो कभी अन्य कारण बताकर टालमटोल करते दिखे। बैठक में डीसी साहिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानी खेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकी और भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक मौजूद रहे।
जर्जरहाल सरकारी स्कूलों की सूची तैयार करें अधिकारी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रदेश में स्कूलों के आधारभूत ढांचे में तेज गति से सुधार किया जा रहा है। शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जर्जर हो चुके स्कूलों की सूची तैयार करें ताकि कंडम घोषित स्कूलों की जगह नए भवन बनाए जा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार भवन निर्माण के साथ बच्चों को संस्कारवान बनाने पर भी जोर दे रही है।
चार बार हुई कष्ट निवारण बैठक में सुनवाई, अब न्यायालय में पहुंचा मामला
बहादुरगढ़ निवासी दलबीर सिंह फोगाट का मामला चार बार समिति में गूंजा लेकिन अब यह न्यायालय में पहुंच गया है। दलबीर ने डाकघर खाते से धोखाधड़ी कर लाखों रुपये निकाले जाने की शिकायत दी थी। जांच में दो आरोपी गिरफ्तार हुए और छह का चालान बाकी है। अब यह केस कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण समिति में बंद कर दिया गया है।
सुसाइड मामले में अब पंचकूला की रिपोर्ट का इंतजार
सेशन कॉलोनी निवासी सुभाष के बेटे साहिल के सुसाइड केस में पुलिस ने पंचकूला से मोबाइल डेटा रिपोर्ट आने की बात कही। फरियादी ने आरोप लगाया कि तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं जबकि मुख्य आरोपी समेत चार अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। मंत्री ने जांच में तेजी लाने के आदेश दिए। पुलिस का कहना है कि मोबाइल डेटा रिपोर्ट से ही नए तथ्य सामने आएंगे और बकाया गिरफ्तारी होगी।
नौकरी से नहीं हटाया जाएगा ट्यूबवेल ऑपरेटर
गांव बसीरवास निवासी राजबीर के मामले में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उसे नौकरी से नहीं हटाया जाएगा। राजबीर 2018 से 2023 तक ट्यूबवेल ऑपरेटर रहा है। उसका बकाया भुगतान हो चुका है लेकिन नाम पोर्टल पर दर्ज नहीं था। मंत्री ने नाम अपलोड करने के आदेश दिए।
डीएसपी करेंगे मामले की पुन: जांच, पेंशन में देरी की 10 दिन में डीसी देंगे रिपोर्ट
गांव झुप्पा खुर्द निवासी सुनीता के केस में मंत्री ने डीएसपी और तीन कमेटी सदस्यों को निष्पक्ष पुन: जांच के आदेश दिए। साथ ही पेंशन में देरी की जांच एडीसी और कमेटी करेंगे, जिसकी रिपोर्ट डीसी 10 दिन में मंत्री को देंगे। सुनीता के पति की हत्या को एक्सीडेंट दिखाने और साढ़े तीन साल पेंशन न मिलने का मामला सामने आया था। इसमें दो अलग-अलग कमेटियां जांच करेंगी।
इन मामलों में भी मंत्री ने दिए निर्देश
भिवानी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान रामकिशन शर्मा के केस में विधायक घनश्याम सर्राफ, डीसी साहिल गुप्ता, बिजली निगम और पब्लिक हेल्थ विभाग के साथ बैठक कर सेक्टर की समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा। गांव चहड़ कलां निवासी अमरचंद के मामले में एसडीएम और कमेटी के तीन सदस्य गांव जाकर निष्पक्ष जांच करेंगे। भारत नगर निवासी पूजा गौड़ के मामले में मंत्री ने कहा कि कोर्ट का फैसला मान्य होगा। गांव कितलाना के मामले में विधायक सर्राफ, डीसी और समिति के सदस्य मिलकर समाधान निकालेंगे। कीर्ति नगर निवासी संदीप कौशिक के मामले में पुलिस को सख्ती और त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। गांव गोलपुरा माजरा निवासी धनसिंह के मामले में एसडीएम के नेतृत्व में कमेटी बनाई गई। गांव चांग में कन्या स्कूल के लिए राशि जारी करने के मामले में मंत्री ने कहा कि वह खुद इस केस को देखेंगे।