भिवानी। वीरवार को दिनदहाड़े दो युवकों ने सराफा बाजार में एक बुजुर्ग ज्वैलर्स संचालक को गिरेबान पकड़कर बाहर खिंचा और फिर जमकर थप्पड़ और घूंसे बरसा दिए। ये पूरी वारदात दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके अंदर आरोपियों की कहासुनी की आवाज भी रिकॉर्ड हो गई है।
मामले की सूचना मिलते ही जैन पुलिस चौकी इंचार्ज की टीम भी पहुंची। वहीं आसपास के दुकानदारों ने भी घटना को लेकर रोष जताया है। वहीं मामला वाहन पार्किंग से जुड़ा है। करीब एक माह पहले आरोपी युवक को दुकान के आगे बाइक खड़ी करने को लेकर टोक दिया था। इसी रंजिश के चलते सराफा व्यापारी पर हमला हुआ है।
शहर के सराफा बाजार में भगवती ज्वैलर्स के नाम से आभूषण व्यापारी रामअवतार सोनी के भतीजे मनीष वर्मा ने बताया कि करीब एक माह पहले आरोपी युवक ने उनकी दुकान के आगे बाइक खड़ी कर दी थी। इस पर उसके चाचा ने उसे टोक दिया था। उस समय तो वह चला गया था।
राम अवतार सोनी ने बताया कि वह हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से बतौर अधीक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं। सेवानिवृत्ति के बाद ही सराफा बाजार में ज्वैलरी का काम शुरू किया था। उसने बताया कि दुकान के आगे अक्सर लोग अपने वाहन खड़े कर चले जाते हैं। ऐसे में उन्हें वाहन हटाने को लेकर कई बार टोक दिया जाता है।
इसी रंजिश के चलते गांव चांग निवासी पवन नामक व्यक्ति ने अपने भाई के साथ वीरवार सुबह उसकी दुकान पर पहुंचकर पहले तो जूतों सहित अंदर घुसने का प्रयास किया। जब उसने जूते निकालकर आने के लिए कहा तो उसने उसे धमकी भरे लहजे में बाहर आने के लिए बोला।
वह दुकान के शीशे के दरवाजे के पास पहुंचा तो आरोपी ने उसका गिरेबान पकड़कर जबरन उसे बाहर खींच लिया और फिर उसके मुंह पर ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़ डाले। वह कुछ समझ पाता इससे पहले दोनों भाइयों ने उस पर हमला कर दिया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार वहां पहुंचे और आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया। ये पूरी वारदात दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सराफा बाजार में नहीं वाहन पार्किंग, आधी सड़क पर दुपहिया वाहनों का कब्जा
सराफा बाजार के व्यापारियों ने बताया कि यहां कोई वाहन पार्किंग नहीं है। शहर का सबसे पुराना बाजार है। यहां पर अगर कोई बड़ी वारदात होती है तो आरोपियों का पीछा भी नहीं कर पाएंगे, क्योंकि आधी सड़क तो दुपहिया वाहनों से ही घिरी रहती है। आपात स्थिति में भी यहां गाड़ी को जगह नहीं मिलती। जिला और पुलिस प्रशासन से सराफा व्यापारियों ने यहां वाहन पार्किंग का प्रबंध करने व सड़क और दुकानों के आगे वाहन खड़ा नहीं होने देने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि दुकान के आगे वाहन खड़ा करने से टोकने भर से लोग झगड़े पर उतर आते हैं।
-
दिनोद गेट पुलिस चौकी के इंचार्ज मनीष वालिया ने बताया कि सराफा बाजार में झगड़े की सूचना मिली थी। मैं मौके पर आया हूं। दुकानदार की तरफ से लिखित शिकायत मिलने के बाद सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की पहचान गांव चांग निवासी दो भाइयों के रूप में हुई है। जिसमें एक का नाम पवन बताया जा रहा है। वे यहां सराफा बाजार में ही काम के सिलसिले में आते हैं।