लोहारू। नगर पालिका चुनावों की नामांकन भरने की तिथि जैसे जैसे नजदीक आ रही है, पार्षद और अध्यक्ष पद के भावी उम्मीदवारों में हलचल बढ़ती दिखाई देने लगी है। हालांकि नामांकन भरने के तीसरे दिन भी लोहारू निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में कोई भी नामांकन पत्र जमा नहीं हुआ। 17 फरवरी तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम मनोज दलाल ने बताया कि शहर के नगर पालिका अध्यक्ष और सभी 14 वार्डों के पार्षदों के लिए 17 फरवरी तक नामांकन पत्र दाखिल किया जा सके। उन्होंने बताया कि वीरवार तक एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों की सुविधा के लिए निर्वाचन कार्यालय में सिंगल विंडो सिस्टम स्थापित किया गया है। सभी उम्मीदवार विभिन्न विभागों की एनओसी एक ही स्थान से हासिल कर सकेंगे। सिंगल विंडो स्थापित होने के बाद उम्मीदवारों को जगह जगह नहीं भटकना पड़ेगा।
सैकड़ों उम्मीदवारों ने शुरू की दौड़ धूप, वार्डाें में बैठकों का दौर हुआ शुरू
2 मार्च को होने वाले लोहारू नगर पालिका के अध्यक्ष और वार्ड पार्षद के चुनावों को लेकर भावी उम्मीदवारों ने जहां आवेदन पत्र हासिल करके उसे भरने के लिए विभिन्न विभागों से एनओसी प्राप्त करने के लिए दौड़ धूप शुरू कर दी है। वहीं कई वार्डों में विभिन्न वर्गों की बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। शहर में चुनावी माहौल गर्माता दिखाई देने लगा है। हालांकि इस बार नपा अध्यक्ष पद का चुनाव प्रत्यक्ष तौर से होने के कारण लोगों के साथ साथ उम्मीदवारों की भी निगाहे अध्यक्ष पद पर ही टिकी हुई हैं।