रोडवेज बस में मिले हथियार को दिखाता पुलिसकर्मी।
भिवानी। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे गुरुग्राम से भिवानी पहुंची एक रोडवेज बस में लावारिस हालत में बैग के अंदर अवैध हथियार मिलने से सनसनी फैल गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवैध हथियारों को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी।
भिवानी रोडवेज कर्मशाला में यार्ड ड्यूटी पर तैनात श्रीभगवान ने बताया कि गुरुग्राम से भिवानी डिपो की एक बस मंगलवार दोपहर 12:30 बजे भिवानी पहुंची थी। बस स्टैंड पर सवारियां उतारने के बाद इस बस को चालक सुभाष और परिचालक अमर कर्मशाला में सफाई के लिए लेकर आए थे। रोडवेज का कर्मचारी जय सिंह बस की सफाई कर रहा था कि इसी दौरान उसे सीट के नीचे एक पिट्ठू बैग दिखाई दिया। इस बैग को खोलकर देखा तो इसके अंदर कुछ कपड़े और एक सफेद रंग के गमछे में दो कट्टे, एक चाकू और चार कारतूस थे जबकि बैग के अंदर बाइक की चाबी भी मिली।
इसकी सूचना डायल 112 पर दी गई। डायल 112 पर तैनात प्रभारी सतबीर ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और इस संबंध में आगामी कार्रवाई के लिए सब्जी मंडी पुलिस चौकी प्रभारी को सूचना दी। पुलिस ने बस से बरामद हुए अवैध हथियार मामले में जांच शुरू कर दी। अंदेशा जताई जा रही है कि इन्हें किसी वारदात को अंजाम देने के लिए यहां लाया गया था। फिलहाल अवैध हथियार जब्त कर पुलिस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात में जुटी है।