हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के लेवल 1, लेवल 2 और लेवल 3 का परिणाम घोषित कर दिया है। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना अनुक्रमांक (रोल नंबर) और जन्मतिथि दर्ज करके परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं।
बोर्ड चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने परिणाम की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष तीनों स्तरों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 16.57 फीसदी रहा। परीक्षा में प्रदेश भर से कुल 1,92,220 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें लेवल-1 (पीआरटी) के 31,402, लेवल-2 (टीजीटी) के 99,896 और लेवल-3 (पीजीटी) के 60,922 परीक्षार्थी शामिल हैं।
छूटे अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक का एक और अवसर
परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए 10, 11 और 12 तारीख को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का आयोजन किया गया था। बुलाए गए 31,847 अभ्यर्थियों में से 30,883 ने अपनी वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करवा ली है, जबकि 964 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बोर्ड चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि बायोमेट्रिक से वंचित रहे इन 964 अभ्यर्थियों को एक अंतिम मौका दिया जाएगा, जिसकी तिथि जल्द जारी होगी। इस बार यह प्रक्रिया बोर्ड मुख्यालय परिसर भिवानी में आयोजित की जाएगी।
विवादित प्रश्नों पर सभी को मिले समान अंक
परीक्षार्थियों द्वारा उठाई गई आपत्तियों और विवादित प्रश्नों पर रुख साफ करते हुए चेयरमैन ने बताया कि जिस प्रश्न में तकनीकी समस्या थी, उसका लाभ सभी संबंधित परीक्षार्थियों को समान रूप से दिया गया है। इसके अलावा प्राप्त अन्य आपत्तियों, ई-मेल व प्रार्थना पत्रों की स्क्रूटनी की जा रही है, जिस पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।