भिवानी। दुष्यंत चौटाला ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा हरियाणा की गठबंधन सरकार को कमजोर सरकार कहने पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हमारे पास 57 विधायक हैं। इससे मजबूती का कोई फार्मूला है तो हुड्डा हमें बताएं। वहीं बीजेपी-जेपेजी के 15-20 विधायक कांग्रेस के संपर्क में होने के दावे पर दुष्यंत ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे लोगों (एमएलए) की लिस्ट जारी करे। कौन दोगले हैं जो दोनों पार्टियों में चर्चा में रहते हैं, ऐसे लोगों का जनता का पता चलना चाहिए।
सोमवार को गांव तिगड़ाना में महाराणा प्रताप जयंती समारोह में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला शिरकत करने पहुंचे थे। उप मुख्यमंत्री का आयोजकों ने जोरदार स्वागत किया और पगड़ी पहनाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि महाराणा प्रताप महान योद्धा थे, जिनसे युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दो हजार रुपये का नोट बंद होने से आम लोगों को नहीं, बल्कि ज्यादा पैसे वालों को ही परेशानी होने वाली है। आरबीआई के कहे अनुसार सर्कुलेशन में नकली करेंसी का चलन होना देश की इकोनॉमी के लिए रिस्क था। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में नशे पर लगाम के लिए निरंतर प्रयास हो रहे हैं। भिवानी हवाई पट्टी के विस्तार व विकास को लेकर जो खाका तैयार किया था, वो जल्द पूरा होगा।