भिवानी। पेयजल, सीवरेज और बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और बिजली निगम की ओर से जारी नंबरों पर नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा ने बताया कि नागरिक पेयजल संबंधी शिकायत के लिए 9050442838 और सीवरेज संबंधी शिकायत के लिए 8396098777 मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पानी के टैंकर की आवश्यकता होने पर नागरिक अपनी मांग पीएचईडी पोर्टल पर दर्ज करवाएं। शिकायत दर्ज करवाते समय अपना क्षेत्र और वार्ड नंबर अवश्य बताएं ताकि समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बिजली निगम के टोल फ्री नंबर पर भी दर्ज करा सकते हैं शिकायत
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षक अभियंता विनोद पूनिया ने बताया कि उपभोक्ता बिजली संबंधी शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1912 और 1800-180-4334 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाने के लिए 8813999708 नंबर जारी किया गया है। बिजली बिल अथवा अन्य समस्याओं के समाधान के लिए उपभोक्ता ईमेल 1912dhbvn.org.in पर भी शिकायत भेज सकते हैं।
उन्होंने बताया कि भिवानी सर्कल के उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए स्थानीय स्तर पर भी संपर्क नंबर उपलब्ध करवाए गए हैं। उपभोक्ता 9812063033 और 9812063035 नंबरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।