शाम को साढ़े पांच बजे आई बारिश के बीच लाइटों के सहारे में अपने गंतव्य का जाते वाहन चालक। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। लगातार तीसरे दिन बारिश ने किसानों के साथ साथ शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। वीरवार शाम को हुई तेज बारिश शहर में फिर से आफत बन गई। कई जगह जलभराव हुआ। बुधवार को हुई बारिश के पानी की निकासी देर रात तक हुई थी, लेकिन वीरवार दोपहर बाद फिर से अचानक मौसम बिगड़ा और शाम को तेज बारिश हुई। इस समय हुई बारिश से किसानों की फसलों में काफी नुकसान बताया जा रहा है वहीं लगातार हो रही बारिश से किसान भी चिंतित हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार लगातार तीन दिन से मौसम खराब है। बिगड़े मौसम ने किसानों के फसल उत्पादन के समीकरण को भी बिगाड़ दिया है, वहीं शहर में जलभराव होने की वजह से लोगों के लिए भी बारिश मुसीबत बनी। कई हिस्सों में जलभराव हो गया। राहगीरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं बारिश के चलते शहर से पानी की निकासी को लेकर संबंधित विभागों के कर्मचारियों की भी सांसें फूली रहीं। देर शाम तक पानी की निकासी नहीं होने के चलते कर्मचारी हालातों का जायजा लेने में जुटे रहे। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस समय हो रही बारिश कपास और बाजरा के साथ मूंग की फसल के लिए भी नुकसानदायक है।
शहर के इन हिस्सों में हुआ जलभराव
शहर के देवसर चुंगी, बीटीएम चौक, रेस्ट हाउस, हांसी गेट क्षेत्र, हांसी रोड, अग्रसेन चौक, दादरी गेट, बावड़ीगेट, जैन चौक क्षेत्र, खाकी बाबा मंदिर क्षेत्र, दिनोद गेट क्षेत्र में जलभराव हुआ। इसके अलावा कई कॉलोनियों के अंदर भी जलभराव हुआ। पुराने मकानों के लिए यह बारिश काफी परेशानी का सबब बनी है।
अब तो बस करो... आसमान में काली घटा छाई तो दिन में ही छा गया अंधेरा। संवाद- फोटो : Bhiwani