स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव एवं एनएचएम के महानिदेशक प्रभजोत सिंह और उनकी टीम ने सामान्य अस्पताल, जूई, तोशाम के स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। एमडी एनएचएम ने निरीक्षण के दौरान कहा कि हमें अब कोरोना के साथ ही जीना होगा जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती। ऐसे में जरूरी है कि अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित न हो, उन्हें शुरू किया जाए। उन्होंने ओपीडी, सर्जरी, ऑपरेशन आदि सुविधाएं फिर से पहले की तरह शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही कोरोना मरीजों को सामान्य अस्पताल से दूर रखने के भी निर्देश दिए। ऐसे में सामान्य अस्पताल के वार्ड छह में बने कोरोना मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड को भी शिफ्ट करने के निर्देश दिए। आइसोलेशन वार्ड में फिलहाल 10-12 कोरोना पॉजिटिव मरीज हैं। जिनके डिस्चार्ज होने के बाद सामान्य अस्पताल में ओपीडी, ऑपरेशन थियेटर को पहले की तरह शुरू किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव एवं एनएचएम के महानिदेशक प्रभजोत सिंह और उनकी टीम बुधवार सुबह भिवानी पहुंची। महानिदेशक ने पहले बया पर्यटन केंद्र में समीक्षा बैठक की। वहीं उनकी टीम सामान्य अस्पताल के विभिन्न वार्डों में निरीक्षण करने में जुट गई। महानिदेशक प्रभजोत सिंह ने समीक्षा बैठक के बाद जूई स्वास्थ्य केंद्र और तोशाम स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादयान और अन्य स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों से बातचीत की।
सभी जरूरी उपकरणों की हो खरीद, बजट की नहीं है कमी
प्रभजोत सिंह ने कहा कि जरूरतमंद नागरिक किसी भी स्वास्थ्य योजनाओं की सेवाओं से वंचित न रहें। आशा वर्करों के पास जरूरी उपकरण होने चाहिए ताकि स्वास्थ्य जांच में किसी प्रकार की समस्या न आएं। टीबी व कैंसर से ग्रस्त लोगों का विशेष ध्यान दिया जाए। कोविड-19 संक्रमण से बचाव को लेकर विभाग के पास बजट की कमी नहीं है। यदि बजट की जरूरत है तो तुरंत डिमांड भिजवाएं ताकि राशि जारी की सके। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला प्रशासन की मंजूरी लेकर जरूरी उपकरण या सामान शीघ्र खरीदा जाए। महानिदेशक ने बैठक में जननी-शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार नियोजन, टीकाकरण, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, जननी सुरक्षा योजना, मलेरिया, डेंगू, टीबी, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम आदि सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं व अभियानों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में विभाग की वित्त से संबंधित उप निदेशक डॉ. पूनम सिंगला, डॉ. हरीश बिष्ट, चांद सिंह मदान, सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादयान, पीएमओ अंजू कादयान व सभी उप सिविल सर्जन व अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।
तोशाम में इमरजेंसी, प्रसूति विभाग का किया निरीक्षण
उधर, तोशाम अस्पताल में उन्होंने आपातकालीन विभाग, प्रसूति विभाग, आरटीएस कक्ष कोल्ड चेन कक्ष सहित पूरे अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी उपमंडल अस्पताल तोशाम डॉ जितेंद्र कुमार एवं सभी डॉक्टरों के साथ मीटिंग की। इस मौके पर डॉ. पुनीत, डॉ. आशा, डॉ. सोनल, डॉ. हितेश, डॉ. बालकिशन, अनिल झांवरी फार्मासिस्ट, अनिल महता फार्मासिस्ट आदि मौजूद थे।