भिवानी। जिले में कोरोना संक्रमण के आए दिन नए मामले सामने आ रहे हैं। बावजूद इसके लोग बाजारों में लापरवाही बरत रहे हैं। साथ ही कोरोना रोधी टीका लगवाने से परहेज कर रहे हैं, जोकि स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बन गया है। कोरोना वैक्सीन के लिए चलाया जा रहा जागरूकता और टीकाकरण अभियान धीमा पड़ गया है। इसकी वजह से स्वास्थ्य विभाग तय लक्ष्य को पूरा नहीं कर पा रहा है। साथ ही लोग सैंपलिंग से भी दूरी बना रहे हैं। जिले में कोरोना के 14 सक्रिय मरीज हैं, जिन्हें होमआइसोलेट किया हुआ है।
जिले में टीकाकरण अभियान की स्थिति
स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिक अस्पताल सहित प्रत्येक सीएचसी और पीएचसी पर टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले में अब तक 853450 लाभार्थियों को पहली और 791857 को दूसरी डोज लगी है। इनमें से स्वास्थ्यकर्मियों को 5658 पहली और 5610 को दूसरी डोज लगाई है। फ्रंट लाइन वर्कर में 4951 को पहली और 4998 को दूसरी डोज लगी है। जिले में 12 से 14 आयुवर्ग के बच्चों को 21281 को पहली और 7864 को दूसरी डोज लगी है। वहीं 15 से 17 साल के किशोरों में 48125 को पहली और 33332 को दूसरी, 18 से 44 साल के युवाओं में 536858 को पहली और 482612 को दूसरी डोज लगी है। 45 से 60 साल के लाभार्थियों में 172362 को पहली और 166370 को दूसरी डोज लगी है। वहीं जिले के 60 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों में 133621 को पहली और 132267 को दूसरी डोज लगी है।
23 हजार लाभार्थियों को लगाई बूस्टर डोज
स्वास्थ्य विभाग द्वारा पहली और दूसरी डोज के बाद बूस्टर डोज लगाई जा रही है। इसमें 23548 को बूस्टर डोज लगी है, जिनमें स्वास्थ्यकर्मियों को 2725 डोज, फ्रंट लाइन वर्कर को 620 डोज, 18 से 44 आयुवर्ग के युवाओं को 2364 डोज, 45 से 60 साल के लाभार्थियों को 4857 डोज, 60 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों को 12982 डोज लगी है।
कोरोना के दो नए मरीज मिले, छह हुए स्वस्थ
भिवानी। जिले में सोमवार को कोरोना के दो नए मरीज सामने आए हैं। वहीं कोरोना संक्रमित छह मरीज स्वस्थ हुए है। कोरोना के फिलहाल 14 सक्रिय मरीज है, जिनमें से तीन मरीज शहरी और 11 मरीज ग्रामीण क्षेत्र से है। सोमवार को कोरोना जांच के 620 सैंपल नागरिक अस्पताल की लैब भेजे है, जिनकी रिपोर्ट मंगलवार सुबह आएगी। हालांकि जांच के 550 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है। कोरोना की तीसरी लहर में 4147 मरीज मिले है, जिनमें से 4119 स्वस्थ हुए है और 14 ने जान गवाई है।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन की डोज लगवानी आवश्यक है। जिन लाभार्थियों को बूस्टर डोज का संदेश मोबाइल पर आ गया है वे नजदीकी टीकाकरण केंद्र में जाकर वैक्सीन अवश्य लगवा लें। साथ ही मास्क और उचित सामुदायिक दूरी का पालन करें।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।