गांव घुसकानी निवासी अनीषा दलाल रोहतक के केंद्रीय विद्यालय में नौंवी कक्षा की छात्रा हैं। अनीषा के पिता देवेंद्र दलाल एयर फोर्स में सार्जेंट हैं, फिलहाल उनकी पोस्टिंग चेन्नई में है। देवेंद्र दलाल का कहना है कि उसकी तीन संतानें हैं। दो बेटी और एक बेटा। अनीषा सबसे बड़ी हैं। उसकी छोटी बहन प्राची दलाल पढ़ाई में होशियार है। छोटा बेटा पहली कक्षा में पढ़ाई कर रहा है। देवेंद्र ने बताया कि पहले अनीषा चंडीगढ़ में तैयारी करती थी क्योंकि उसकी पोस्टिंग पहले चंडीगढ़ थी। अब वह चेन्नई है तो बेटी अनीषा के लिए परिवार रोहतक में है, क्योंकि अनीषा रोहतक के श्रीराम नारायण क्रिकेट क्लब से तैयारी कर रही है।
23 जुलाई को हरियाणा महिला क्रिकेट अंडर 15 आयु वर्ग की टीम का चयन के लिए ट्रायल हुआ था। इसमें अनीषा ने तेज गेंदबाजी में महारथ दिखाई और उसका चयन हो गया। इसके बाद एक माह तक रोहतक के लाहली में उसका कैंप लगा। अब वह 17 नवंबर से सात दिसंबर तक छत्तीसगढ़ के रायपुर में होने वाली नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट में गई है। अनीषा का सात दिसंबर को फाइनल मुकाबला मोहाली में होगा। उसे उम्मीद है कि हरियाणा महिला अंडर 15 आयुवर्ग क्रिकेट टीम काफी मजबूत स्थिति में है।
अनीषा ने कुश्ती छोड़कर क्रिकेट में आगे बढ़ाया कॅरिअर
अनीषा के पिता देवेंद्र ने बताया कि उसकी बेटी पहले कुश्ती में भी अच्छी खिलाड़ी रही हैं। उसने 2019 में मोहाली में हुई जिलास्तरीय कुश्ती में भी पहला स्थान प्राप्त किया था। लेकिन अनीषा की दिलचस्पी क्रिकेट में अधिक थी, इसी वजह से उसने अपना खेल कॅरिअर बदला और क्रिकेट के बल्ले और तेज गेंदबाजी में अपना खेल कौशल निखारा। अब उसकी बेटी हरियाणा महिला क्रिकेट अंडर 15 आयुवर्ग का हिस्सा बन चुकी है। अनीषा ने पहले भी टीम सदस्य के तौर पर क्वालीफाई कर लिया था, मगर उस समय उसकी उम्र कम थी।
दादा और नाना ने भी अनीषा से जताई जीत की उम्मीद
अनीषा के दादा गांव घुसकानी निवासी इंस्पेक्टर हरस्वरूप दलाल और नाना सूबेदार राजेंद्र राहड़ ने भी उसके क्रिकेट टीम में शामिल होकर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। दोनों का कहना है कि अनीषा होनहार और महिला क्रिकेट में उभरती खिलाड़ी है।