दिल्ली में आयोजित हुए 98वें राष्ट्रीय स्कोच सम्मान समारोह में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के
भिवानी। दिल्ली में आयोजित हुए 98वें राष्ट्रीय स्कॉच सम्मान समारोह में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को स्कॉच ग्रुप के चेयरमैन समीर कोच्चर ने प्रतिष्ठित गोल्ड कैटेगरी के स्कॉच अवाॅर्ड से नवाजा है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने दिल्ली में स्कॉच ग्रुप से यह अवाॅर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने एवं पारदर्शिता लाने के लिए प्रश्न-पत्रों पर क्यू-आर कोड व अल्फा न्यूमेरिक कोड अंकित करने को लेकर प्राप्त किया है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने दिल्ली में गोल्ड कैटेगरी का स्कॉच अवाॅर्ड प्राप्त किया है। इस अवसर पर समारोह में उपस्थित शिक्षाविदों ने शिक्षा बोर्ड की नीतियों की सराहना की। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड राष्ट्रीय स्तर की नीट जैसी परीक्षाएं करवाने में भी सक्षम हैं।
उन्होंने बताया कि शिक्षा बोर्ड की ओर से वार्षिक परीक्षाओं में नकल रोकने एवं पारदर्शिता लाने के लिए क्यू-आर कोड व अल्फा न्यूमेरिक कोड की तकनीक को अपनाया गया था। इस तकनीक से नकल के मामले लगभग न के बराबर सामने आए तथा रिकार्ड समय में परीक्षा परिणाम को जारी करने में सफलता प्राप्त की। स्कॉच ग्रुप द्वारा हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को नकल रोकने के लिए अपनाई गई नई तकनीकों के परीक्षार्थियों के भविष्य पर पड़े सकारात्मक प्रभावों की सराहना करते हुए उनके बहुप्रतिष्ठित सर्वोच्च सम्मान से पुरस्कृत किया गया है।