भिवानी। 7 से 11 सितंबर तक बर्मिंघम में होने वाली 10वीं कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप के लिए भारतीय कराटे टीम रवाना हुई। इस टीम में भिवानी से अमन व निहारिका सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से 6 खिलाड़ी रवाना हुए है।
इन खिलाड़ियों का नेतृत्व जिला के गांव बुढ़ेडा निवासी भारतीय कराटे टीम के कोच अनिल श्योराण करेंगे। भारतीय कराटे टीम के कोच अनिल श्योराण ने बताया कि 7 से 11 सितंबर तक बर्मिंघम में 10वीं कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भिवानी से अमन व निहारिका, हिसार से यशवीर व भूपेंद्र, झज्जर से विशाल सहरावत एवं गुरुग्राम से सुधीर सहरावत अपना हुनर दिखाएंगे। कोच अनिल श्योराण ने कहा कि कराटे प्रतियोगिता में कभी खिलाड़ियों की संख्या कम देखी जाती थी, लेकिन अब समय के साथ कराटे प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों की संख्या बढ़ रही है और कराटे खिलाड़ी भी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे है। उन्होंने कहा कि कराटे एक प्रकार का खेल तथा एक तरह का हथियार भी है। यह डिफेंस का सबसे अच्छा साधन है, जो आत्मरक्षा के लिए बहुत जरूरी है।