लोगों की समस्याएं सुनते कृषि मंत्री जेपी दलाल।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने किसानों के मिशन यूपी पर बड़ा बयान दिया है। भिवानी पहुंचे जेपी दलाल ने कहा है कि राजनीतिक सोच रखने वाले किसान नेता भाजपा को नहीं हरा सकते। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री व नेताओं को राष्ट्रीय ध्वज न फहराने देने की चेतावनी को छोटी सोच बताया। कृषि मंत्री ने बारिश से बरबाद फसलों को लेकर किसानों को परेशान न होने की बात कही।
कृषि मंत्री जेपी दलाल शनिवार को अपने आवास पर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होने अधिकतर लोगों की समस्या का समाधान मौके पर ही संबंधित अधिकारों को फोन कर करवाया। इसके बाद कृषि मंत्री मीडिया से रूबरू हुए। सबसे पहले कृषि मंत्री जेपी दलाल ने बारिश के समय उफान पर चल रही नहर टूटने से बरबाद फसलों को लेकर कहा कि किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
उन्होने कहा कि संबंधित जिलों के डीसी को जांच कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं ताकि समय रहते स्पेशल गिरदावरी हो सके। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने बीमा करवाया है उन्हें कंपनी से और जिन्होंने नहीं करवाया उनके नुकसान की भरपाई हरियाणा सरकार करेगी।
कुरुक्षेत्र और जींद जिले में किसान नेताओं द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर सरकार के किसी भी मंत्री या नेता को राष्ट्रीय ध्वज न फहराने देने की चेतावनी पर कहा कि बहुत लंबे संघर्ष व बड़े बलिदानों के बाद देश को आजादी मिली थी। ऐसे पर्व पर ऐसे बयान दुर्भाग्यपूर्ण हैं और छोटी सोच दर्शाते हैं।