तोशाम। तीन महीने से हैप्पी कार्ड के रिन्यू होने का इंतजार कर रहे लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। यह रिचार्ज होना शुरू हो चुके हैं। नया साल शुरू होने के बाद से हैप्पी कार्ड अपडेट नही हो रहे हैं। इस कारण योजना के लाभार्थियों को रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
दरअसल, सरकार ने पिछले साल मार्च में एक लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों के लिए हरियाणा रोडवेज में निशुल्क यात्रा देने की योजना शुरू की थी। इसके तहत जिले के करीब 1,52,892 लोगों को लाभ मिलना शुरू किया गया है। बस अड्डा परिसर स्थित कार्यालय में लाभार्थियों के हैप्पी कार्ड रखे हुए हैं। हैप्पी कार्ड के रिचार्ज होने की सूचना परिचालकों की ओर से मिली है। भिवानी डिपो में 91,448, तोशाम सब डिपो में 31,025 और लोहारू सब डिपो में 30,419 लोगों के हैप्पी कार्ड बनाए गए हैं।
हैप्पी कार्ड बनवाने की प्रक्रिया
हैप्पी कार्ड बनवाने के लिए आवेदक को हरियाणा रोडवेज की आधिकारिक वेबसाइट https://ebooking.hrtranspor t.gov.in/ पर जाना होगा। इसके बाद आवेदन को एप्लाई हैप्पी कार्ड के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। फिर इसके बाद परिवार पहचान पत्र का नंबर दर्ज कर कैप्चा कोड भरना होगा। अब आधार कार्ड में रजिस्टर नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज कर सत्यापन करना होगा। अब अप्लाई पर क्लिक करना होगा। इस प्रकार हैप्पी कार्ड के लिए आपकी आवेदन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। आवेदन करने के 15 दिन बाद आप अपने नजदीकी रोडवेज कार्यालय में जाकर हैप्पी कार्ड हासिल कर सकते हैं।
लाभार्थियों के हैप्पी कार्ड ऑटोमेटिक रिचार्ज होने शुरू हो गए हैं। कार्ड रिचार्ज होने पर लोग अपने कार्ड का प्रयोग कर सकते हैं। आवेदन करने के 15 दिन बाद लोग नजदीकी रोडवेज कार्यालय से कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। - दीपक कुंडू, जीएम, भिवानी डिपो।