दुल्हेंडी की शाम से बिगड़ा मौसम बुधवार को भी बिगड़ा रहा। तोशाम के करीब आठ गांवों में शाम को ओलावृष्टि हुई। इसके अलावा बवानीखेड़ा और जमालपुर में भी ओले गिरे। जिससे फसलों में नुकसान है। तोशाम में पिछले सप्ताह भी तेज ओलावृष्टि हुई थी। वहीं बुधवार को भिवानी, बहल, बवानीखेड़ा, जाटुलोहारी में तीन से आठ एमएम तक बारिश हुई।
मंगलवार देर शाम को ही मौसम बिगड़ गया था और बूंदाबंादी शुरू हो गई थी। रातभर बूंदाबांदी चली। रात के बाद बुधवार सुबह भी बूंदाबांदी हुई। सुबह करीब साढ़े 10बजे धूप खिली मगर तेज हवाएं चलती रही। जिसके कारण मौसम में ठंडक़ घुली। शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम फिर बदला और काली घटाए छा गई। तोशाम में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। तोशाम क्षेत्र के गांव संडवा, थिलोड़, पटौदी, बागनवाला, बादलवाला, आलमपुर, डाडम, खरकड़ी सोहान में ओलावृष्टि हुई। बवानीखेड़ा के बवानीखेड़ा और जमालपुर में भी ओले गिरे। तेज हवा के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों में नुकसान है। नुकसान कितना है, यह तो गिरदावरी के बाद ही पता लगेगा। किसानों का कहना है कि पिछले सप्ताह हुई ओलावृष्टि ने ही फसलें बर्बाद कर दी थी। रही-सही कसर आज पूरी हो गई। अब तो किसान पूरी तरह बर्बाद हो गए है। वहीं बहल, भिवानी, बवानीखेड़ा, लोहारू में भी बारिश हुई। बुधवार को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री और न्यूनतम 14.5 डिग्री दर्ज किया गया।
दो दिन और होगी बारिश
मौसम विभाग ने 12 और 13 मार्च को भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की चेतावनी जारी किए जाने के बाद खासकर किसानों की सांसें उखड़ी हुई हैं।
तोशाम-बहल के गांवों में होगी गिरदावरी
रेवेन्यू विभाग की ओर से पिछले सप्ताह हुई ओलावृष्टि के बाद भिवानी, हिसार, रोहतक, महेंद्रगढ़ के प्रभावित गांवों में विशेष गिरदावरी कराने की अधिसूचना जारी की है। भिवानी के तोशाम ब्लॉक के दुल्हेड़ी, धारण, बहल के सिधनवा, सुरपुरा कलां, मंढोली कलां, सुरपुरा खुर्द, सेरला, कासनी कलां, कासनी खुर्द, गोपालवास, हरियावास गांव में विशेष गिरदावरी होगी। वहीं विशेष गिरदावरी में सिवानी के प्रभावित गांवों व तोशाम, बहल ब्लॉक के अन्य गांवों के नाम न होने पर भारतीय किसान यूनियन ने नाराजगी जताई है। पदाधिकारी दयानंद पूनिया ने कहा कि किसान सभा इसका विरोध करेगी और 13 मार्च को बैठक बुलाई गई है।
कहां कितनी बारिश
खंड बारिश
भिवानी 03 एमएम
तोशाम 05 एमएम
लोहारू 03 एमएम
बवानीखेड़ा 02 एमएम
सिवानी बूंदाबांदी
बहल आठ एमएम
एसडीएम पहुंचे खेत, लिया बर्बाद फसल का जायजा
बुधवार को तोशाम क्षेत्र में एक बार फिर ओलावृष्टि हुई। एसडीएम संदीप कुमार बरसात के बीच ही ओलावृष्टि का जायजा लेने खेतों में पहुंच गए। बुधवार शाम को बरसात के साथ उपमंडल के गांव बागनवाला, झांवरी, डाडम, खरकड़ी सोहान, आलमपुर, थिलोड, पटोदी, संडवा में ओलावृष्टि हुई है। एसडीएम संदीप कुमार बरसात के बीच ही बागनवाला, खरखड़ी सोहान, आलमपुर सहित विभिन्न गांवों में ओलावृष्टि का जायजा लेने पहुंच गए। एसडीएम ने कहा कि किसानों की हर संभव सहायता की जाएगी।
आंधी के साथ आई बारिश
लोहारू में बुधवार शाम को आंधी के साथ आई तेज बारिश से गेहूं और सरसों की फसल जमीन पर बिछी गई। करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली आंधी से पककर तैयार सरसों की फसल की फलियां जमीन पर गिर गई। 10 मिनट तक तेज बारिश हुई। क्षेत्र के गांव सेहर, बरालू और दमकोरा में शाम को तेज बारिश हुई। किसानों ने बताया कि कुछ दिन पहले ओलावृष्टि से गेहूं और सरसों की फसल में काफी नुकसान हुआ था, जो फसल बच गई थी वह अब आंधी के साथ आई बारिश में झड़ गई है और जमीन पर बिछ गई है।
गांव झांवरी में हुई ओलावृष्टि के दौरान जमीन पर पड़े ओले। संवाद न्यूज एजेंसी- फोटो : Bhiwani