भिवानी। चोरों ने मंगलवार रात को प्रेम नगर गांव स्थित हरियाणा ग्रामीण बैंक की शाखा को निशाना बनाया। चोरों ने करीब ढाई घंटे तक स्ट्रॉन्ग रूम का ताला तोड़कर अंदर की अलमारी खोलने का प्रयास किया, मगर असफल रहे। आखिरकार ढाई घंटे बाद वे सीसीटीवी कैमरे तोड़कर फरार हो गए। सुबह बैंक खुला तो चोरी के प्रयास का खुलासा हुआ। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं चोरी के प्रयास के दौरान खिड़की, अलमारी, दराजों के ताले तोड़े जाने के कारण कार्य प्रभावित रहा।
चोरों नेेेे मंगलवार देर रात करीब एक बजे प्रेम नगर गांव की हरियाणा ग्रामीण बैंक की शाखा को अपना निशाना बनाया। दो युवक नकाब पहन खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और एक के बाद एक सभी काउंटर की दराजों के ताले तोड़ डाले, मगर चोरों को कुछ नहीं मिला। चोर स्ट्रॉन्ग रूम का ताला तोड़कर अंदर घुस गए, मगर यहां अलमारी नहीं तोड़ पाए। चोर करीब ढाई घंटे तक बैंक में रहे। चोरों ने लोहे की रॉड से ताले तोड़े। काफी प्रयास के बाद भी स्ट्रॉन्ग रूम की अलमारी नहीं टूटी तो भाग निकले। चोर करीब साढ़े तीन बजे बैंक से निकलकर भागे। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। चोरों ने सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। बुधवार सुबह बैंक खुला तो वारदात का खुलासा हुआ। बाद में बैंक अधिकारियों ने पहुंचकर जांच पड़ताल की तो पाया कि सामान और नकदी चोरी नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार स्ट्रॉन्ग रूम की अलमारी में करीब सात लाख की नकदी थी, जो चोरी होने से बच गई।
दराज, अलमारियों के ताले तोड़े जाने से हुआ नुकसान
चोर भले ही बैंक से नकदी ले जाने में नाकामयाब रहे, मगर वे बैंक में काफी नुकसान कर गए। सीसीटीवी कैमरे तोड़ने के अलावा सभी दराजों के लॉक, अलमारियों के ताले, स्ट्रॉन्ग रूम के ताले, खिलाड़ी तोड़कर काफी नुकसान पहुंचाया। इस कारण बुधवार को कार्य भी काफी प्रभावित रहा।
20 से 25 साल के हैं युवक
पुलिस फिलहाल सीसीटीवी के आधार पर चोरों तक पहुंचने के प्रयास में है। फुटेज के अनुसार दोनों युवक करीब 20 से 25 वर्ष के हैं। दोनों नकाब पहने हुए थे।
वर्जन
हरियाणा ग्रामीण बैंक की प्रेमनगर शाखा में चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। जांच की जा रही है। केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी के आधार पर दोनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
- इंस्पेक्टर विद्यानंद, एसएचओ सदर थाना।
वर्जन
प्रेमनगर गांव की बैंक शाखा में चोरी का प्रयास हुआ है। चोर सभी दराजों के ताले तोड़ गए। स्ट्रॉन्ग रूम का भी ताला तोड़ अंदर घुसे, मगर अलमारी नहीं खोल पाए। खिड़की तोड़कर चोर अंदर घुसे हैं। इसकी शिकायत पुलिस को कर दी है।
- रूपेंद्र सांगवान, शाखा प्रबंधक, हरियाणा ग्रामीण बैंक, प्रेम नगर