चांग। गांव चांग में पिछले दिनों से लग रहे बिजली के लंबे कटों से परेशान होकर ग्राम पंचायत का आक्रोश बढ़ गया है। ग्राम पंचायत सदस्यों ने निगम के उच्च अधिकारियों से मिल लगातार लगाए जा रहे बिजली कटों से निजात पर बात करने का निर्णय लिया है।
गांव चांग सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप रंगा ने बताया कि गांव चांग पिछले कई सालों से बिजली विभाग की जगमग योजना में शामिल है। जगमग योजना में शामिल होने के बाद भी गांव में 4 से 5 घंटों के लंबे बिजली कट लगने के कारण ग्रामीण पिछले कई महीनों से परेशान हैं।
इस समस्या से ग्रामीणों को निजात दिलाने के लिए पंचायत स्तर पर एक प्रस्ताव पास किया गया है, जिसमें माध्यम से निगम के उच्च अधिकारियों से मिलकर इस समस्या के समाधान के लिए मांग की जाएगी।
जगमग योजना के कार्य में प्रयोग की घटिया केबल
ग्रामीण दलबीर रंगा, पवन नंबरदार, शेर सिंह बिबा, कृष्ण डुडेजा, पूर्व पंच रामकुमार फौजी ने बताया कि करीब 4 साल पहले गांव चांग को जगमग योजना में शामिल किया गया था। जगमग योजना के तहत गांव में बिजली विभाग की तरफ से नई बिजली केबल पूरे गांव में डाली गई थी। उस समय में पंचायत द्वारा केबल की घटिया क्वालिटी पर बिजली विभाग के अधिकारियों को बताया गया था लेकिन इसके बावजूद भी पूरे गांव में घटिया क्वालिटी की केबल डाल दी गई। जिसका खामियाजा आज पूरा गांव भुगत रहा है, थोड़ा ही लोड पड़ते ही केबल जल जाती है। हमारी विभाग से मांग है कि पुरानी केबल बदलकर अच्छी क्वालिटी की केबल डाली जाए ताकि गांव को बिजली की परेशानी से छुटकारा मिल सके।
रात होते छा जाता है अंधेरा
गांव चांग में रात के समय बिजली लाइनमैन नहीं होने के कारण रात में कोई भी फाल्ट होने पर पूरे गांव में अंधेरा छा जाता है। इस दौरान ग्रामीण प्राइवेट बिजली मैकेनिक या मजबूरी में अपने आप बिजली फाल्ट ठीक करने की कोशिश करते हैं, इसलिए कभी भी गांव में बड़ा हादसा होने का अंदेशा रहता हैं।
सिंगल कोर केबल लगाने की मांग
गांव चांग में सिंगल कोर की केबल लगाई जाए किसी भी ट्रांसफार्मर का स्विच काम नहीं करता। खंभे पर लगे पिलर बॉक्स में मीटर के बॉक्स जमीन से एक या दो फीट ऊंचाई पर आ चुके हैं। वह भी खुले पड़े हैं। पूरे गांव में ट्रांसफार्मर की अर्थिंग नहीं है, जिस कारण लाइट जाने के बाद भी घरों में सबके एलईडी बल्ब ऑन रहते हैं।
गांव चांग के ग्रामीणों द्वारा बिजली परेशानी के बारे में शिकायत आई हैं। इसके लिए ग्राम सभा करके एक प्रस्ताव बिजली निगम के नाम पास किया गया है। प्रस्ताव में खासतौर पर लिखा गया है कि गांव चांग में बढ़ते बिजली कटों से छुटकारा दिलाया जाए और गांव में लगाई गई घटिया क्वालिटी की केबल को बदला जाए। इसके लिए ग्राम पंचायत जल्द ही बिजली निगम के उच्च अधिकारियों से मिलेगी।
-प्रदीप रंगा, सरपंच प्रतिनिधि गांव चांग।