नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण करते सैशन जज डीआर चालिया व अन्य।
भिवानी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया व सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार ने सोमवार को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का दौरा किया। सेशन जज चालिया ने केंद्र में रह रहे नशा पीड़ितों से बातचीत कर इलाज, दिनचर्या व पुनर्वास से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नशा पीड़ित नशे को छोड़कर जिंदगी को संवारने पर फोकस करे। साथ ही कर्मचारियों से नशा पीड़ितों के प्रति सहानुभूति और संवेदनशीलता का व्यवहार करने को कहा।
इस दौरान कुछ मरीजों ने बताया कि कैसे वे नशे के आदी हुए और अब अपने परिवार व समाज से कट गए। सेशन जज चालिया ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। सीजेएम पवन कुमार ने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र केवल इलाज का स्थान नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत का अवसर है। इस मौके पर सीएमओ डॉ. रघुवीर शांडिल्य, पीएमओ डॉ. बलवान, डीडीसी डॉक्टर नंदिनी, डॉ. हरजोत, डॉ. सुमन, प्रीति तंवर, ज्योति, संजू मौजूद रहे। संवाद