भिवानी। गांव दिनोद में एक शराब ठेकेदार से दस लाख रुपये की चौथ मांगने का मामला सामने आया है। शराब ठेकेदार ने मामले की शिकायत सदर पुलिस थाने में दी। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
सदर पुलिस थाने में दी शिकायत में गांव दिनोद निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उसका गांव दिनोद में शराब ठेका है। उसके ठेके पर नरेश बतौर सेल्समैन लगा हुआ है। गत 10 अप्रैल को काले रंग की स्विफ्ट गाड़ी लेकर चार युवक ठेके पर पहुंचे। इसमें दिनोद के ही मंजीत, विकास व उनके दो अन्य साथी थे। दोनों पिस्तौल लेकर ठेके में घुस गए और दो युवक गाड़ी में बैठे रहे। मंजीत और विकास ने सेल्समैन से कहा कि या तो नरेश यादव ठेकेदार दस लाख रुपये भेज दे, अन्यथा शराब ठेका नहीं चलने देंगे। अगर पैसे नहीं दिए तो जहां भी मिला जान से मार देंगे। सेल्समैन ने फोन कर इसकी जानकारी पुलिस को डायल 112 पर दी। इसके बाद शराब ठेकेदार ने मामले की लिखित शिकायत सदर पुलिस थाने में दी।
जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
शराब ठेकेदार नरेश कुमार की शिकायत पर आरोपी मंजीत और विकास सहित दो अन्य युवकों के खिलाफ फिरौती मांगने पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- अनिल कुमार, सब इंस्पेक्टर, सदर पुलिस थाना भिवानी।