भिवानी। रक्षाबंधन पर मंगलवार को पहले दिन ही महिलाओं का मुफ्त सफर मुश्किलों भरा रहा। महिलाओं को बस स्टैंड पर बसों का लंबा इंतजार करना पड़ा। वहीं बसों में धक्कामुक्की झेलने के बाद पायदान पर ही खड़े होकर सफर भी करना पड़ा। हालांकि बस स्टैंड पर रोडवेज महाप्रबंधक ने भी व्यवस्था बनाने के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए। लेकिन फिर भी कई रूटों पर बसों को लेकर काफी मारामारी रही।
महिलाओं ने बताया कि उन्हें बस में खड़े होकर की सफर करना पड़ा। जबकि बच्चों और सामान के साथ बसों की पूछताछ के लिए भी महिलाएं कभी इधर तो कभी उधर भटकती रही। बस बूथ पर लगने से पहले ही भीड़ उस पर टूट पड़ती, ऐसे में कई युवक तो खिड़की से ही अंदर बस में दाखिल होने की जद्दोजद में जुटे रहे। रोडवेज डिपो महाप्रबंधक डॉ नेत्रपाल खत्री ने बताया कि भिवानी डिपो से पहले दिन 202 बसों का संचालन हुआ और सभी रूटों पर बसें चलीं। बुधवार को भी रक्षाबंधन पर्व पर पूरा दिन महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त सफर रहेगा। संवाद