भिवानी। अब अग्रसेन चौक से नया बस स्टैंड तक हाईवे की सीसी सड़क के साथ खाली जगह पर फुटपाथ और बरसाती चैनल निर्माण का फिर से मसौदा तैयार होगा। करीब तीन माह पहले 17 करोड़ के स्टेट एजेंसी के मसौदे को पीडब्ल्यूडी ने टेकओवर किए जाने से इंकार कर दिया था।
पीडब्ल्यूडी ने ये हवाला दिया था कि ये भूमि हाईवे अथॉरिटी की है, वही इसमें बजट खर्च करेगी। जबकि विधायक कोटे से भी बजट खर्च किए जाने से हाथ खड़े कर दिए थे। इसके बाद ये मसौदा सीएम दरबार में पहुंचा और अब इसका फिर से नये सिरे से एस्टीमेट तैयार होगा। इतना ही नहीं शहर के चार प्रमुख पार्क अब तीन करोड़ के बजट से चकाचक होंगे और काठमंडी में नया प्लेटफार्म भी बनेगा।
दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे शहर में चार किमी दायरे में सीसी पैटर्न पर सड़क निर्माण करा रहा है। हाईवे के दायरे में भिवानी-रोहतक मार्ग पर अग्रसेन चौक से नया बस स्टैंड तक करीब डेढ़ से पौना दो किमी तक के दायरे में सीसी सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ विकसित करने और बारिश के पानी की निकासी के लिए चैनल निर्माण कराए जाने का भी अलग से 17 करोड़ का एस्टीमेट तैयार हुआ। इसमें बिजली के पोल शिफ्ट किए जाने थे और करीब डेढ़ सौ से अधिक हरे पेड़ों को भी हटाया जाना था। मगर मामला हाइवे अथॉरिटी में स्टेट एजेंसी द्वारा काम नहीं कराए जाने की पेचीदगी आड़े आ गई।
इस पर पीडब्ल्यूडी ने इस एस्टीमेट पर काम कराने के लिए मामला टेकओवर किए जाने से ही इंकार कर तीन माह पहले मसौदे को ही कैंसिल कर डाला। क्योंकि ये दायरा एनएचएआई का है। इसलिए एनएचएआई ही इसमें किसी तरह का निर्माण का काम करा सकता है। अब विधायक ने मामला सीएम दरबार पहुंचा दिया। इसके बाद इस मसौदे पर फिर से एस्टीमेट तैयार किया जाएगा। फुटपाथ और बरसाती चैनल बनने से करीब 50 हजार की शहरी आबादी को फायदा होगा। वहीं हाईवे के साथ फुटपाथ और छोटा रास्ता होने से वाहनों के जाम से भी मुक्ति मिलेगी। एनएचएआई करीब 40 करोड़ के बजट से चार किमी सीसी सड़क तैयार करा रहा है।
तीन करोड़ के बजट से जल्द बदलेगी चार पार्कों के सुरत
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण शहर के अंदर चार प्रमुख पार्कों की व्यवस्था भी जल्द चकाचक कराएगा। इस पर करीब तीन करोड़ का बजट खर्च होगा। इसमें शहर के हांसी रोड का बीडी गुप्ता पार्क, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र का ठाकुर बीर सिंह पार्क, चौधरी सुरेंद्र सिंह हुडा सेंट्रल पार्क और हालुवास गेट का चौधरी बंसीलाल पार्क शामिल है। ये चारों शहर के बड़े पार्क हैं, इनका रखरखाव एचएसबीपी कर रहा है। इसी परियोजना में शहर की काठ मंडी के अंदर बड़ा प्लेटफार्म भी तैयार किया जाएगा। इसके एस्टीमेट पास हो चुके हैं और टेंडर प्रक्रिया भी करीब पूरी हो गई है। जल्द ही इनके वर्क ऑर्डर जारी होकर काम शुरू हो जाएंगे।
रेडक्रॉस भवन के सामने मार्केट का भी बनेगा प्लेटफार्म
शहर के झंकार रोड स्थित रेडक्रॉस भवन के सामने एचएसबीपी की मार्केट के सामने प्लेटफार्म भी तैयार किया जाएगा। इसके टेंडर हो चुके हैं और 15 सितंबर से प्लेटफार्म निर्माण का काम भी शुरू हो जाएगा। मार्केट के आगे की जगह मुख्य सड़क से काफी नीची हैं, बारिश में यहां जलभराव होता है। नया प्लेटफार्म सड़क से ऊंचा होगा और पानी निकासी की व्यवस्था भी होगी।
नया बाजार से फैंसी चौक और पतराम गेट से हालु चौक तक मेस्टिक तकनीक से बनेगी नई सड़क
शहर में मेस्टिक तकनीक से नई सड़कों का निर्माण होगा। नया बाजार से फैंसी चौक तक मेस्टिक तकनीक से नई सड़क का शुभारंभ बुधवार को होगा। सड़क पर खास तौर पर रबरनुमा एक परत डाली जाएगी जो पानी के प्रभाव को भी झेल पाएगी और लंबे अर्से तक चलेगी। इसी तकनीक पर शहर के पतराम गेट से हालु चौक तक नई सड़क बनेगी। इसके वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं और काम बुधवार से शुरू होगा।
ढाई करोड़ के बजट से ऑटो मार्केट और इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट का भी होगा जीर्णोद्धार
शहर के दादरी रोड ऑटो मार्केट के सामने देवीलाल मूर्ति के पास प्लेटफार्म तैयार किया जाएगा। इसी तरह हांसी गेट के समीप इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट का भी जीर्णोद्धार का काम सितंबर में शुरू होगा। इस पर करीब ढाई करोड़ का बजट खर्च आएगा। मार्केट में पानी की निकासी, फुटपाथ सहित अन्य व्यवस्था चकाचक होगी।
पांच सितंबर को मुख्यमंत्री आएंगे भिवानी
भिवानी में जिला कारागार का नया भवन बनकर तैयार हो चुका है। ये भवन हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन ने करोड़ों के बजट से तैयार किया है। इसका शुभारंभ करने के लिए सूबे के मुख्यमंत्री मनोहरलाल पांच सितंबर को भिवानी आएंगे। इस दौरान भिवानी की अन्य लंबित विकास परियोजनाओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर उन पर बनी अड़चनों को दूर कराने का प्रयास विधायक घनश्याम सर्राफ द्वारा किया जाएगा।
भिवानी शहर में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। अग्रसेन चौक से नया बस स्टैंड तक स्टेट एजेंसी के करीब 17 करोड़ के मसौदे को रद्द किए जाने के बाद मैंने मामला मुख्यमंत्री के समक्ष रखा है। इस पर अब दोबारा से एस्टीमेट बनेगा और फुटपाथ के साथ बरसाती चैनल का भी निर्माण जल्द से जल्द होगा। इसके अलावा शहर में पार्कों के जीर्णोद्धार और नई सड़क निर्माण की परियोजनाएं भी शुरू होंगी।
- घनश्याम सर्राफ, भाजपा विधायक, भिवानी।