एक युवक के पास उसके परिचित डॉक्टर के नाम से फोन कर इमरजेंसी में 40 हजार रुपये डलवाकर ठगी की। मामले की शिकायत सिटी पुलिस को दी। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में दिनोद गेट क्षेत्रवासी कपिल ने बताया कि उसके पास दो मार्च को एक नंबर से फोन आया। जिस पर बोलने वाले ने खुद को डॉ. जोगेंद्र बताया जो उसके परिचित था। उसने पैसों की सख्त जरूरत बताई और हिसार में होने की बात कही। इस पर उसने पूछा कि ये नंबर तो आपका नहीं हैं, इस पर उसने कहा कि नंबर बदल लिया है। इसके बाद उसने अपने दोस्त विनोद से उस नंबर पर पेटीएम से 40 हजार रुपये डलवा दिए। इसके बाद जब उसी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो नंबर पर कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद घर पहुंचकर उसने डॉ. जोगेंद्र के पुराने नंबर पर बात की तो डॉक्टर ने कहा कि उसके साथ किसी ने धोखाधड़ी की है। इसके बाद मामले की शिकायत सिटी पुलिस थाना में दी गई। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।