भिवानी। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मकान मालिक से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सोमवार को चार आरोपियों नोपा देवी, उमेद, प्रवीण और सुनील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक डंडा और स्कूटी बरामद की है।
लक्ष्मी नगर, कोंट रोड निवासी गोपीराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने मानवता के नाते रामस्वरूप और उसके परिवार को अपने मकान में किराये पर रहने दिया था। रामस्वरूप की मृत्यु के बाद भी उसका परिवार मकान में रह रहा था। गोपीराम के अनुसार जब उसने मकान खाली करने के लिए कहा तो विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार 19 सितंबर को रामस्वरूप के परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों ने गोपीराम के साथ मारपीट की।
आरोपियों ने डंडों से हमला कर उसे गंभीर चोटें पहुंचाईं और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान मकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घायल गोपीराम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शिकायत के आधार पर थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने 26 अक्तूबर को नोपा देवी और उमेद निवासी लक्ष्मी नगर, भिवानी तथा प्रवीण और सुनील निवासी बैंक कॉलोनी, भिवानी को गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता अभिषेक ने बताया कि इस मामले में इससे पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल डंडा बरामद किया जा चुका है।