भिवानी। स्टेडियम रोड उखाड़ी गई फुटपाथ पर धरने पर बैठे पूर्व जिला पार्षद ईश्वर मान
भिवानी। महिला पुलिस थाना से लघु सचिवालय तक स्टेडियम रोड की उखाड़ी गई फुटपाथ को लेकर शुक्रवार को पूर्व जिला पार्षद एवं जेजेपी नेता ईश्वर मान ने जमकर बवाल काटा। ईश्वर मान ने ठेकेदार पर एक साल पहले बनी इंटरलॉकिंग टाइल्स की फुटपाथ को उखाड़े जाने पर गंभीर सवाल उठाए और यहां की टाइल्स को अपने निजी प्लाट में ले जाने के भी आरोप लगाया। इसी दौरान मान ने उखाड़ी गई फुटपाथ पर ही गद्दा डालकर धरना देकर बैठ गए। इसके बाद मामले की भनक पीडब्ल्यूडी विभाग के ठेकेदार और अधिकारियों को लगी तो वे मौके पर पहुंचे।
भीम स्टेडियम मार्ग की फुटपाथ को एक साल पहले बनाया था। इसे अब तोड़े जाने के विरोध में धरना देकर बैठे जेजेपी नेता ईश्वर मान का आरोप है कि इस फुटपाथ को बनाने वाला ठेकेदार नेताओं का चहेता है। उसका कहना है कि एक ही ठेकेदार को इस तरह के काम सौंपे जा रहे हैं। इसमें से अधिकतर ब्लॉक तो वो अपने निजी प्लाॅट में ले जा रहा है। इसी तरह उसने कार्य में भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए। पहले तो मान ने फोन पर ठेकेदार से तू तड़ाक की इसके बाद जब मौके पर अधिकारी और ठेकेदार पहुंचा तो खूब नोकझोंक भी हुई।
इसके बाद मान उखाड़ी गई फुटपाथ पर ही धरना देकर बैठ गया। उसका कहना था कि जब तक नियम अनुसार कार्य नहीं होगा वे नहीं उठेंगे। मौके पर पहुंचे जेई सोनू हुडा ने मान को समझाया कि पहले ये फुटपाथ नगर परिषद ने बनाई थी, अब पीडब्ल्यूडी इसे धंसी होने की वजह से उखाड़कर फिर से दुरुस्त करा रहा है। कोई अनियमितता नहीं बरती जा रही है। काफी मान मनौव्वल के बाद ईश्वर मान माने और धरने से उठे।
शहर में अमृत प्रथम चरण के कार्य के बाद शहर में कई जगह फुटपाथ और सड़क धंस चुकी हैं। जिन्हें पीडब्ल्यूडी विभाग अब ठीक करा रहा है। इस पर विभाग को अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है। फुटपाथ काफी जगह से धंस चुकी है, जिसे समतल कराकर इसे फिर से तैयार कराया जा रहा है। कार्य नियमानुसार ही हो रहा है।
-सोनू हुड्डा, कनिष्ठ अभियंता, पीडब्ल्यूडी विभाग भिवानी।