तोशाम। एसडीएम डॉ. अशवीर सिंह नैन ने बताया कि उपमंडल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ की फसलों का बीमा किया जा रहा है। पहली जुलाई से शुरू यह अभियान 31 तक चलेगा।
इस योजना के तहत धान, बाजरा, मक्का और कपास की फसल को बीमित फसलों की श्रेणी में रखा गया है। एसडीएम ने बताया कि इच्छुक किसान संबंधित बैंक या सीएससी के माध्यम से 31 जुलाई तक खरीफ फसलों का बीमा करवा सकते हैं। इसके लिए संबंधित किसानों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक, नवीनतम भूमि रिकॉर्ड, जमाबंदी प्रमाणित बुवाई पत्र और मेरी फसल मेरा ब्योरा देना होगा।
यह योजना सभी किसानों के लिए स्वैच्छिक है। जो ऋणी किसान बीमा नहीं करवाना चाहते हैं, उन्हें अपने ऋण दाता बैंक में लिखित रूप में कट ऑफ डेट के सात दिन पहले यानी 24 जुलाई तक घोषणा पत्र देना होगा।
अन्यथा बैंक अपने अभिलेख के अनुसार फसल बीमा कर देगा। जिन किसानों को फसल तबदील करवानी है, वे संबंधित ऋणदाता बैंक में जाकर कट ऑफ डेट के दो दिन पहले यानी 29 जुलाई तक अपनी फसल को तब्दील करवा सकते हैं।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के खंड कृषि अधिकारी डॉ. बिनेश गोयत ने बताया कि अधिक जानकारी के लिए किसान कृषि रक्षक पोर्टल-हेल्पलाइन नंबर 14447, व्हाट्सअप नंबर-7065514447, खंड कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तोशाम के कार्यालय की सांख्यिकी शाखा, उपमंडल कृषि अधिकारी और खंड कृषि अधिकारी कार्यालयों पर संपर्क कर सकते हैं।