एडीसी दीपक बाबू लाल को ज्ञापन सौंपते भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी। स्त्रोत : संघ
भिवानी। किसानों की जायज मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भारी रोष है यह बात भारतीय किसान संघ के प्रदेश मंत्री एवं बिजली आयाम प्रमुख महिपाल बड़दू ने कही। उन्होंने बताया कि संघ की जिला इकाई ने शुक्रवार को किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एडीसी के माध्यम से चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ट्यूबवेल कनेक्शनों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई गई, खेतों से गुजरने वाली हाई-टेंशन लाइनों का उचित मुआवजा दिलाने, जलभराव से खराब हुए रास्तों और खालों की मरम्मत तथा विभिन्न सरकारी परियोजनाओं में स्थानीय समन्वय की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। महिपाल बड़दू ने कहा कि बिजली निगम द्वारा ट्यूबवेल कनेक्शन देने में भारी देरी की जा रही है जिससे किसानों की फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि इन कनेक्शनों को बिना देरी तुरंत जारी किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों के खेतों से हाई-टेंशन लाइनें गुजर रही हैं उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार मुआवजा दिया जाए और मुआवजा भुगतान के बाद ही आगे का कार्य शुरू किया जाए। बिना मुआवजे के किसानों की जमीन पर काम रोका जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण क्षेत्र के किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ी है। जलभराव से खेतों के खाले और मुख्य रास्ते टूट चुके हैं जिससे किसानों को खेतों तक पहुंचने और कृषि उपकरण ले जाने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। संघ ने मांग की कि इन खराब रास्तों और खालों को तुरंत दुरुस्त कर पक्का बनाया जाए।