भिवानी। कृषि कानूनों के विरोध में वीरवार को जिले में किसान चार जगह ट्रेनें रोकेंगे। बामला, सूई, लोहारू और सिवानी में ट्रेनें रोकने का कार्यक्रम है। जिसे लेकर पुलिस अलर्ट है। आरपीएफ के अलावा जीआरपी, जिला पुलिस के जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।
हालांकि किसान नेताओं ने स्पष्ट किया है कि वे चार घंटे तक शांतिपूर्ण रेल रोको कार्यक्रम करेंगे और रेलवे संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। बुधवार को इसे लेकर बैठकों का दौर चला। कितलाना टोल पर किसानों खासकर ग्रामीण महिलाओं ने 50 रुपये गैस सिलिंडर के दाम बढ़ाने पर रोष जताया और सरकार का पुतला फूंका।
कितलाना टोल पर किसान नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार हर वर्ग पर चोट कर रही है। पहले तीन कानून लागू कर किसान, मजदूर और व्यापारियों को ठिकाने लगाया, अब गैस के सिलिंडर के दाम अचानक 50 रुपये बढ़ाकर रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। सरकार ने पेट्रोल 88 रुपये प्रति लीटर और डीजल 80 रुपये लीटर पहुंचाकर आम आदमी की कमर तोड़ दी है। किसान नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उड़ते जहाज से क्रिकेट मैच देखने की फुर्सत तो है लेकिन अपनी जायज मांगों को लेकर दिल्ली के बॉर्डर और विभिन्न टोलों पर बैठे लाखों किसान उन्हें दिखाई नहीं दे रहे। संयुक्त किसान मोर्चा के निर्देश पर वीरवार को 12 से 4 बजे तक रेल रोको अभियान को लेकर लोगों में भारी जोश है।
धरने की अध्यक्षता नरसिंह डीपीई, बलवंत नंबरदार, गंगाराम श्योराण, सुभाष यादव, सज्जन कुमार सिंगला, राजू मान, दिलबाग ग्रेवाल, मा. ओमप्रकाश, कमलेश भैरवी ने संयुक्त रूप से की। उन्होंने टूलकिट मामले में युवा दिशा रवि को बंदी बनाने पर निंदा प्रस्ताव रखते हुए कहा सरकार ने दिशा रवि, निकिता जैकब, शांतनु मुलुक, अजय हुड्डा, गुरमीत कौर पर मुकदमे बना लोकतंत्र का गला घोंटा है। मंच संचालन कामरेड ओमप्रकाश ने किया। इस मौके पर प्रो. राजेंद्र डोहकी, रणधीर घिकाड़ा, कमल प्रधान, मुकेश पहाड़ी, राजकुमार दलाल, सुरेंद्र कुब्जानगर, मौजीराम, सुरेन्द्र सांगवान, परमजीत फतेहगढ़, राजबीर बोहरा, खुशीराम घुसकानी, महेंद्र प्रजापति, जयसिंह आदि मौजूद रहे।
गंगानगर से रेवाड़ी और बठिंडा-दिल्ली ट्रेन होगी प्रभावित
किसान आंदोलन के चलते 12 से चार बजे तक रेल रोको कार्यक्रम के तहत जिले में गंगानगर से रेवाड़ी और बठिंडा-दिल्ली ट्रेन प्रभावित होंगी। गंगानगर से रेवाड़ी ट्रेन सुबह 09:40 पर भिवानी से रेवाड़ी के लिए चलती है। यह ट्रेन यहां से रवाना होकर रेवाड़ी पहुंच तो जाएगी मगर वापसी में परेशानी होगी। इसी तरह बठिंडा-दिल्ली ट्रेन सुबह साढ़े नौ बजे रवाना होगी। इस ट्रेन को भी वापसी में दिक्कत हो सकती है। अन्य ट्रेनों का समय लेट है। गोरखधाम ट्रेन शाम को सवा चार बजे हिसार से चलेगी वहीं कालिंदी शाम को 7:40 और मथुरा ट्रेन सुबह 4:55 पर। दैनिक रेल यात्री संघ के जिला प्रधान महाबीर डालमिया ने यात्रियों से आह्वान किया कि संभव हो तो गंगानगर-रेवाड़ी, बठिंडा-दिल्ली ट्रेनों का प्लान न बनाए ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।