जिला सामान्य अस्पताल के वॉर रूम में पुलिसकर्मी को कोरोना की वैक्सीन लगाती स्वास्थ्यकर्मी। संवा?
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। स्वास्थ्य विभाग कोरोना से निपटने के लिए लगातार वैक्सीनेशन अभियान चला रहा है। जिस कड़ी में बुधवार को जिला सामान्य अस्पताल के वार रूम में वैक्सीनेशन की गई। जिसमें 19 पुलिस विभाग के कर्मचारियों का टीकाकरण किया गया। वहीं सूचना के बावजूद राजस्व और पंचायती राज विभाग के कर्मी अस्पताल में वैक्सीनेशन के लिए नहीं पहुंच रहे है।
स्वास्थ्य विभाग के वैक्सीनेशन अभियान को सक्रिय रूप से लेने के लिए स्वास्थ्य कर्मी लगातार वैक्सीन की सूची में शामिल कर्मियों को जागरूक कर रहे हैं। बावजूद इसके राजस्व और पंचायती राज विभाग के कर्मचारी इसमें अपनी रुचि नहीं दिखा रहे।
आज इन्हें लगेगी वैक्सीन :
वीरवार को जिले में वैक्सीनेशन के लिए जिला सामान्य अस्पताल को केंद्र बनाया गया है। जिसमें पुलिस, राजस्व, पंचायती राज और स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को डोज दी जाएगी।
जिले में नहीं आया कोई नया केस
जिले में बुधवार को कोरोना का कोई नया केस सामने नहीं आया और न ही कोई पॉजिटिव केस ठीक हुआ। अब तक जिले में 6335 सक्रिय केस सामने आ चुके हैं, जिनमें से 6181 ठीक भी हो चुके हैं। बुधवार को 592 सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे गए। सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने बताया कि कोरोना की वैक्सीन आ गई है। अपनी बारी आने पर सभी नागरिक कोरोना की वैक्सीनेशन करवाए। कोरोना से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता जरूरी है। मास्क, सामुदायिक दूरी और सैनिटाइजर का प्रयोग अवश्य करें।
वर्जन-
वैक्सीनेशन अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार कार्य कर रहा है। जिसके तहत बुधवार को 19 पुलिसकर्मियों को टीकाकरण किया गया। सूचना के बावजूद भी राजस्व विभाग और पंचायती राज विभाग के कर्मी टीकाकरण अभियान में रुचि नहीं दिखा रहे।
- डॉ. आशीष सांगवान, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।