नई अनाज मंडी में बाजरे को कट्टों में डालकर तुलाई करता मजदूर। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। बाजरा खरीद को लेकर पोर्टल में भी अब कई बदलाव किए गए हैं। इसमें अब मंडी पहुंचे किसान को दोबारा गेट पास भी मिलेगा, अब तक पोर्टल पर गेट पास काटने के लिए अगर एक बार में ही प्रिंट नहीं दिया तो दोबारा नहीं दर्शाया जाता था। इससे कई किसानों को गेट पास भी नहीं मिल पाते थे, इसी दिक्कत को अब पोर्टल पर दूर करने के लिए दोबारा पोर्टल पर गेट पास का प्रिंट मिलेगा।
मंगलवार को भिवानी की नई अनाज मंडी में बाजरा उठान का काम धीमा नजर आया। यही वजह रही कि मंडी में खरीद हो चुके बाजरा के कट्टों की दूर तक कतार लगी, वहीं मंडी में बाजरा लेकर आए किसानों को प्लेटफार्म खाली नहीं मिला। इसी वजह से कई किसानों ने दुकानों के आगे फुटपाथ पर बाजरा की फसल ट्रैक्टर से नीचे उतारी। मंगलवार को भिवानी मंडी में 151 किसान अपनी फसल लेकर पहुंचे। पोर्टल ने भी अब रफ्तार पकड़ ली है। पोर्टल की वजह से किसानों के गेट पास काटने में काफी समय लगता था, वहीं कागजातों के मिलान और पोर्टल में ऑप्शन न दर्शाने की वजह से भी किसानों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। मगर अब एक ही बार में प्रिंट न देने के बावजूद दोबारा से भी प्रिंट आउट पोर्टल से हासिल किया जा सकेगा। इससे किसान को ये सुविधा मिलेगी कि रजिस्टर्ड किसान दोबारा से प्रिंट हासिल कर सकेगा, इससे उसकी फसल बिक्री में किसी भी तरह की परेशानी नहीं आएगी।
भिवानी मंडी मेें धीमा चल रहा बाजरे का उठान
रोजाना मंडी में देर शाम तक बाजरा व मूंग खरीद का काम वेयर हाउस विभाग द्वारा किया जा रहा है, इसी वजह से रात को ही बाजरा की भराई कराई जा रही है। इसमें बिना साफ सफाई के बाजरे की भराई की शिकायतें भी विभाग को मिली हैं, लेकिन अगले दिन तक इन कट्टों का उठान करने के निर्देश भी दिए हैं। मगर इसके बावजूद उठान का काम अब मंडी में फसल आवक बढ़ने के साथ ही धीमा हो गया है। मंडी में खरीद हो चुका बाजरा भी काफी कट्टे रखे हुए हैं, जिन्हें उठान का इंतजार है।
वर्जन-
बाजरा की खरीद चल रही है। इसी के साथ उठान का काम भी चल रहा है। रोजाना ही बाजरे का उठान कराया जा रहा है। किसानों को किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आने दी जा रही है। मंडी में किसानों की संख्या भी दोगुनी हो गई है। इस वजह से बाजरा भराई और सिलाई के बाद उठान में थोड़ा वक्त जरूर लग रहा है।
- सुरेंद्र कुमार परचेजर वेयर हाउस कारपोरेशन भिवानी।