बवानीखेड़ा क्षेत्र में एक किसान के फोन पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला आया है। राशि नहीं देने पर उसका और उसके बेटे का काम तमाम करने की धमकी दी है। इससे पहले भी बवानीखेड़ा क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप संचालक से रंगदारी मांगी थी, जिसका सीआईए टीम ने खुलासा कर आरोपियों को भी पकड़ा था।
गांव ढाणी किरावड़ निवासी राजबीर ने बताया कि वह खेती करता है। उसके पास एक फोन आया। जिस पर बोलने वाले ने उससे पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी। रंगदारी की रकम दो दिन में नहीं देने पर उसे व उसके बेटे को जान से मार देने की धमकी दी गई। राजबीर ने बताया कि उसके फोन पर दो बार आरोपी से बात हुई और दोनों ही बार पांच लाख रंगदारी की रकम की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर परिवार व उसे और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। राजबीर ने बताया कि उसके फोन पर आरोपी की करीबन 15 बार मिस्ड कॉल भी आई थी, जबकि दो बार तो उसने उसका फोन उठाया तो उसे दोनों ही बार धमकियां मिली। राजबीर ने बताया कि आरोपी की जुबान भी लड़खड़ा रही थी, यानी वह नशे की हालत में उससे रंगदारी की मांग कर रहा था। शिकायत पर बवानीखेड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।