भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर शिक्षा बोर्ड के समीप ट्रैक्टर के नीचे आने से किसान की की मौत हो गई। मामले की सूचना सेक्टर 13 पुलिस चौकी में दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला सामान्य अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के भाई के बयान दर्ज कर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया।
सिविल लाइन पुलिस को दिए बयान में जीतुवाला जोहड़ क्षेत्रवासी विनोद ने बताया कि वे तीन भाई हैं। उसका बड़ा भाई 45 वर्षीय जयभगवान जमींदारा करता था। सात जुलाई दोपहर को पप्पू ठेकेदार ने उसकी ट्रैक्टर ट्राली बुकिंग कर बिजली बोर्ड से सामान गांव गुजरानी व घुसकानी ले गया था। बिजली सामान उतारने के बाद ट्रैक्टर से ही उसका भाई वापस भिवानी लौट रहा था। उसके भाई के साथ हनुमान ढाणी निवासी रवींद्र भी साथ था। उसके भाई के ट्रैक्टर को रवींद्र चला रहा था। रवींद्र की लापरवाही की वजह से ही शिक्षा बोर्ड के समीप उसका भाई ट्रैक्टर के नीचे कुचला गया। जिसे रवींद्र ही अस्पताल लेकर पहुंचा था, जहां चिकित्सकों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। बाद में जब उन्हें इसकी सूचना मिली तो वे अस्पताल पहुंचे। मृतक जयभगवान दो बच्चों का पिता था। उसका एक बेटा व एक बेटी है। वहीं मृतक के भाई ने बताया कि रवींद्र उसके भाई की मौत के बारे में बार बार अपना बयान बदल रहा था।
जिसके बाद उन्होंने भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल की। जिसमें खुद रवींद्र उसके भाई जयभगवान का ट्रैक्टर चला रहा था। जबकि जयभगवान ट्रैक्टर पर साइड में बैठा था। उसका आरोप है कि रवींद्र की लापरवाही की वजह से ही उसका भाई ट्रैक्टर के नीचे कुचला गया और उसकी मौत हो गई। वहीं सिविल लाइन पुलिस थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई विनोद के बयान दर्ज कर इस संबंध में आरोपी रवींद्र के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।