तोशाम (भिवानी)। फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद शराब कारोबार में हिस्सेदारी का झासा देकर तोशाम क्षेत्र के गांव सागवान निवासी युवक से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि फेसबुक पर दोस्ती के बाद बातचीत शराब के कारोबार तक पहुंची और इस दौरान पीड़ित प्रवीण कुमार से एक करोड़ 53 लाख रुपये हड़प लिए गए। शिकायत पर पुलिस ने 15 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सागवान निवासी प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका फेसबुक अकाउंट है और इसी तरह दिल्ली के बुराड़ी निवासी हरेंद्र का भी फेसबुक अकाउंट है। फेसबुक पर दोस्ती होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। इस दौरान हरेंद्र ने बताया कि उसने एक कंपनी बना रखी है और भिवानी में जितेंद्र उसका पार्टनर है जिससे मिलकर बातचीत करने को कहा।
प्रवीण ने बताया कि जितेंद्र से मिलने पर उसने खुद को दस प्रतिशत का पार्टनर बताते हुए कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है और वह पड़ोस का ही रहने वाला है। जितेंद्र ने नए बस स्टैंड भिवानी के पास शराब का गोदाम दिखाते हुए कहा कि उसकी पत्नी और वह स्वयं कंपनी में डायरेक्टर हैं। जितेंद्र ने यह भी बताया कि उनकी कंपनी उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित अन्य राज्यों में शराब का कारोबार करती है।
प्रवीण को बताया गया कि हरियाणा में शराब का कारोबार करने के लिए लाइसेंस बनवाना होगा जिसके लिए दो करोड़ रुपये की जरूरत है। प्रवीण ने बताया कि हरेंद्र और जयंती ने लाइसेंस सर्टिफिकेट देने के नाम पर अगस्त 2023 से नवंबर 2023 के बीच ऑनलाइन, गूगल-पे, फोन-पे और खाते में पैसे मंगवाए जबकि लाखों रुपये नकद भी लिए गए। इस तरह कुल एक करोड़ 53 लाख रुपये की राशि ली गई।
प्रवीण ने शिकायत में बताया कि अगस्त 2023 में शराब का कारोबार करने के लिए स्टेट पार्टनर एग्रीमेंट स्टेट ऑफ हरियाणा तैयार कर उसे सौंपा गया। इस एग्रीमेंट पर नोटरी की मोहर लगी हुई है और आरोपियों के गवाह के रूप में हस्ताक्षर भी हैं। प्रवीण के अनुसार एक करोड़ तीन लाख रुपये खाते में ट्रांसफर किए गए जबकि 50 लाख रुपये नकद लिए गए जिसकी बाकायदा रिसीविंग कंपनी की ओर से दी गई है। शिकायत में बताया गया कि बाद में आरोपी हरेंद्र और अन्य ने फोन उठाने बंद कर दिए। व्यक्तिगत रूप से मिलने पर आरोपियों ने हरियाणा में शराब का कारोबार शुरू करवाने और रकम लौटाने से साफ इन्कार कर दिया। आरोप है कि पैसे का जिक्र करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस संबंध में थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर 15 आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।