फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: नौतपा शुरू होने से पहले ही जिले का तापमान 43 डिग्री पार

Wed, 21 May 2025 11:14 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
स्विमिंग पूल में नहाते युवक।
विज्ञापन
भिवानी। नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी लगातार बढ़ रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री तक पहुंच गया। दिनभर चलने वाली गर्म हवा लोगों को परेशान कर रही है। गर्म हवा का प्रभाव लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। इसके अलावा दुधारू पशु भी गर्म हवा की चपेट में आ रहे हैं। गर्मी में लोग घरों से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं।
विज्ञापन

ऐसे में बाजारों की रौनक भी प्रभावित हो रही है। देर शाम तक बाजार सूने दिखाई देते हैं। लेकिन शहर में स्थित स्विमिंग पुलों में लोगों की भीड़ बढ़ रही है। वहीं एसी व कूलर की मांग भी बढ़ रही है। गर्म हवा से प्रभावित होने के कारण शहर के निजी व सरकारी अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ लग रही है।
स्विमिंग पुलों के प्रति बढ़ रहा लोगों का रुझान
गर्मी के मौसम में लोग स्विमिंग पुलों में नहाना पसंद कर रहे हैं। ऐसे में शहर में स्थित स्विमिंग पुलों के प्रति लोगों का रुझान बढ़ रहा है। स्विमिंग पुलों में 100 से 150 रुपये प्रति घंटा के हिसाब से फीस वसूली जा रही है। स्विमिंग पुलों में सुबह-शाम सैकड़ों लोग स्विमिंग करने जा रहे हैं।
विज्ञापन

बिजली के अघोषित कट व पीने के पानी को तरस रहे लोग
गर्मी के मौसम में बिजली व पानी की समस्या भी बढ़ जाती है। ट्रांसफार्मर पर बिजली का ओवरलोड बढ़ रहा है। लोड कम करने के लिए बिजली के कट लगाए जा रहे हैं। लेकिन अघोषित कट से लोग परेशान हो रहे हैं। वहीं रात के समय शहर में बिजली सप्लाई की गति भी घटा दी जाती है। इसके साथ ही जिले भर में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बने जलघर सूख चुके हैं व कुछ जलघर सूखने की कगार पर हैं। लोग पीने के पानी को तरस रहे हैं। खुद के पैसे से टैंकरों का प्रबंध कर लोग काम चला रहे हैं।
निजी व सरकारी अस्पतालों में बढ़ रही मरीजों की भीड़
जिले के निजी व सरकारी अस्पतालों में गर्मी से प्रभावित मरीजों की भीड़ लग रही है। गर्मी के मौसम में लोगों में पानी की कमी बन रही है। ऐसे में उल्टी व दस्त की शिकायत बढ़ रही है। चिकित्सक भी मरीजों को ओआरएस का घोल व प्राकृतिक जूस पीने की सलाह दे रहे हैं। लोगों के स्वास्थ्य को भी गर्म हवा प्रभावित कर रही है। विशेष रूप से स्कूलों से दोपहर के समय घर आते समय बच्चे ज्यादा शिकार हो रहे हैं। वहीं शिक्षा विभाग ने एक जून से स्कूलों को एक माह के लिए बंद करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
पशुओं में दूध की आ रही कमी
कैरू। राजकीय पशु अस्पताल में कार्यरत पशु चिकित्सक डॉ. मदन कौशिक ने बताया कि गर्मी के मौसम में पशुओं का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। गर्म हवा की चपेट में आने से दुधारू पशुओं में दूध की कमी आ रही है। गर्मी से बचाव प्रबंधन में जरा सी लापरवाही से पशु को लू नामक रोग हो जाता है। लू ग्रस्त पशु को तेज बुखार हो जाता है और पशु सुस्त होकर खाना-पीना बंद कर देता है। इससे बचाव के लिए पक्के निर्मित मकानों की छत पर सूखी घास रखें ताकि छत को गर्म होने से रोका जा सके। रात्रि में पशुओं को खुले स्थान पर बांधें। हरा चारा अधिक खिलाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें