भिवानी। तीन करोड़ 58 लाख का बजट मंजूर होने के बावजूद भी सेक्टर 13 और 23 के लोगों के लिए जिमखाना के अधर में लटके निर्माण को पूरा नहीं कराया गया है। हालांकि, पिछले छह साल से निर्माण अधर में लटका होने की वजह से तैयार भवन भी खंडहर में तबदील हो चुका है। पहले बजट तो अब टेंडर में मामला उलझकर रह गया है। वहीं एचएसवीपी के अधिकारियों का दावा है कि जल्द काम शुरू कराएंगे।
सेक्टरवासियों का कहना है कि सरकार की ओर से लाखों खर्च के बाद भी लोगों को जिमखाना का लाभ नहीं मिल रहा है। सेक्टर 13 और 23 के लोगों की सेहत सुधार के लिए बनाए गए जिमखाना की सेहत खुद खराब हो गई है। पिछले करीब छह सालों से जिमखाना भवन निर्माण का काम अधूरा ही पड़ा है। जिमखाना में खिड़की और अन्य सामान भी चोरी हो चुका है।
इसके बाद दीवारों का प्लास्टर भी अब टूट कर बिखरने लगा है। ऐसे में वार्ड के पार्षद व सेक्टरवासियों की मांग पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने इस अधूरे जिमखाना को पूरा कराने की कवायद भी शुरू की। सरकार की तरफ से हाल ही में तीन करोड़ 58 लाख का बजट भी मंजूर किया गया। इसके बाद इस कार्य को पूरा कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू की गई, लेकिन किसी भी एजेंसी को अब तक यह काम अलॉट नहीं हुआ है। ऐसे में सेक्टरवासियों का सब्र भी जवाब दे चुका है।
लंबे समय से कर रहे जिमखाना तैयार होने का इंतजार
दी सेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक रामकिशन शर्मा व संजय बंसल ने बताया कि सेक्टर के लोग लंबे अर्से से जिमखाना तैयार होने का इंतजार कर रहे हैं। सेक्टर 13 और 23 के लोगों के लिए यह जिमखाना तैयार किया जा रहा है, मगर इसका निर्माण पूरा होने का नाम ही नहीं ले रहा है। सेक्टर के अंदर पार्कों की हालत भी ज्यादा ठीक नहीं है। ऐसे में जिमखाना की सेहत खुद खराब हो चुकी है। सेक्टरवासियों की अधिकारियों से मांग है कि इसका निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराकर इसका रखरखाव भी कराया जाए। फिलहाल विरान पड़े जिमखाना में अधिकांश सामान चोरी हो चुका है।
मैंने खुद एचएसवीपी के कार्यकारी अधिकारी से हिसार में मुलाकात कर सेक्टर के जिमखाना निर्माण कार्य को पूरा कराए जाने की मांग की थी। अधिकारियों ने मुझे आश्वस्त किया था कि तीन करोड़ 58 लाख का बजट मंजूर हो चुका है। इसके जल्द टेंडर लगाकर काम शुरू कराएंगे, लेकिन मार्च के बाद इसमें अभी तक कोई प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। इस संबंध में फिर से एचएचवीपी के अधिकारियों से मिलकर जल्द से जल्द काम शुरू कराने का प्रयास करेंगे।
- संदीप यादव, पार्षद, वार्ड दो
सेक्टर 13 के जिमखाना के निर्माण कार्य को पूरा कराने के लिए बजट की मंजूरी मिल चुकी है। इस कार्य को पूरा कराने के लिए फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है, जल्द ही वर्क ऑर्डर अलॉट कराकर काम शुरू कराएंगे।
- भूपेंद्र सिंह, कार्यकारी अभियंता, एचएसवीपी, भिवानी।