लोहारू। पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता लाने के लिए राह ग्रुप के तत्वावधान में जिले में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले की 82 विद्यालयों के विद्यार्थी पराली नही जलाने की शपथ लेंगे और इस दौरान विद्यालयों में जागरूकता रैली, पेंटिंग प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम करवाए जाएंगे।
राह क्लब लोहारू के अध्यक्ष श्याम सुंदर सांगवान ने बताया कि जिले की 82 विद्यालयों के विद्यार्थियों को पराली से होने वाले प्रदूषण के खिलाफ जागरूक किया जाएगा, ताकि अभिभावकों को भी इससे प्रेरणा मिल सके। उन्होंने बताया कि सोमवार से आरंभ होने वाले पूरे सप्ताह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों की ओर से जागरूकता रैली व प्रभात रैली निकाली जाएगी।
इस दौरान विद्यार्थी चलो-चले हाथ मिलाएं, पराली प्रदूषण को जड़ से मिटाएं नारे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पराली जलाने के कारण पर्यावरण प्रदूषण, बंजर होती उपजाऊ जमीन व दूसरे प्रकार की गंभीर समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि राह ग्रुप फाउंडेशन के इस प्रदेश व्यापी जागरूकता अभियान का मकसद विद्यार्थियों को पराली के बेहतर विकल्प व प्रबंधन के प्रति जागरूक करना है। इस अभियान के दौरान विद्यार्थियों को पराली जलाने से पैदा हुए प्रदूषण से होने वाले नुकसान के बारे में बताने के साथ-साथ पराली समस्या के स्थाई समाधान के विकल्पों पर भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी।