फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झुके पोल को हटाकर गली के नुक्कड़ पर नया लगाने पर हल्लाबोल

विज्ञापन
बिजली पोल का विरोध कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास करते बिजली निगम अधिकारी। संवाद - फोटो : Bhiwani
विज्ञापन
भिवानी। नया बाजार क्षेत्र की लंबी गली के नुक्कड़ पर पहले से झुके पोल को हटाकर दूसरी जगह नया एचपोल लगाए जाने को लेकर क्षेत्र के लोग भड़क उठे। काम बीच में ही रुकवाकर नया बाजार की मुख्य सड़क पर लोगों ने जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर निगम अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। निगम अधिकारियों ने लोगों से उनके विरोध का कारण पूछा और फिर जाम खोलने का अनुरोध किया। मगर गुस्साए लोगों ने मौके पर जमकर बवाल काटा। लोगों का आरोप था कि निगम कर्मचारी पोल को पहले वाली जगह से काफी आगे लगा रहे हैं, जिससे गली में लोगों का आवागमन भी बाधित होगा और हादसे भी बढ़ जाएंगे।
विज्ञापन

नया बाजार लंबी गली क्षेत्र वासी राजकुमार, अतर सिंह, सुरेंद्र, शिक्षा, उमेश ने बताया कि नया बाजार की लंबी गली के नुक्कड़ पर बिजली का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। करीब छह माह पहले किसी वाहन की टक्कर से ट्रांसफार्मर रखा हुआ एचपोल सड़क की तरफ झुक गया। जिससे हादसों का अंदेशा बना हुआ था। पहले रखे ट्रांसफार्मर की लाइन के उपकरण भी काफी सड़क की तरफ बाहर निकले हुए थे, जिससे पानी लेकर आने वाली महिलाओं को भी काफी परेशानी होती थी और झुके हुए ट्रांसफार्मर खंभे में करंट की वजह से एक गाय व एक सांड़ की मौत भी हो चुकी है। निगम कर्मचारी मंगलवार को झुके हुए पोल को हटाकर इसकी जगह नया एचपोल लगाने पहुंचे थे।
निगम कर्मचारियों ने पहले लगे एचपोल की जगह को छोड़कर लंबी गली के नुक्कड़ पर काफी आगे नया एचपोल लगाने का काम शुरू कर दिया। जिसका क्षेत्र के लोगों ने विरोध किया। लोगों का कहना था कि नुक्कड़ पर एचपोल सड़क की तरफ लगाए जाने की वजह से रास्ता भी काफी संकरा हो जाएगा और वाहन चालकों पर भी हादसे का खतरा मंडराता रहेगा। मगर निगम कर्मचारियों ने क्षेत्र के लोगों की बातें नहीं सुनी। इसी से गुस्साए लोगों ने मंगलवार दोपहर करीब एक बजे नया बाजार की मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया और निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। गुस्साए लोगों ने निगम कर्मचारियों पर मनमानी के आरोप लगाए। इस दौरान क्षेत्रवासियों की निगम कर्मचारियों के साथ भी तीखी नोकझोंक हुई। मामला बिगड़ता देख इसकी सूचना निगम अधिकारियों को दी गई। जिसके बाद इलाके के कनिष्ठ अभियंता व फोरमैन ओमबीर सिंह मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन

जेई व फोरमैन ने गुस्साए लोगों को शांत करने का प्रयास किया और उनकी बातें सुनी। इस पर स्थानीय लोगों ने मौके पर ट्रांसफार्मर रखे जाने वाले नए पोल लगाए जाने की जगह भी उन्हें दिखाई। इसके बाद स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद निगम अधिकारियों के साथ सहमति बनी कि एक पोल लंबी गली के नुक्कड़ पर लगेगा जबकि दूसरा पोल नया बाजार की तरफ मुख्य सड़क पर लगेगा। जिससे आवागमन का रास्ता भी बच जाएगा और किसी को कोई परेशानी भी नहीं होगी। इस सहमति के बाद करीब दो बजे क्षेत्र के लोगों ने नया बाजार सड़क पर से जाम खोल दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें