बिजली चोरी बिजली निगम अधिकारियों के लिए भी परेशानी बनी है। अब निगम ने शहरी क्षेत्र के 12 फीडरों को ऐसा बनाने का प्लान बनाया है कि बिजली चोरी की संभावनाओं को ही खत्म किया जा सके। इस कार्य पर 35 से 90 लाख तक खर्च किए जाएंगे। जिन शहरी फीडरों पर बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए आधुनिकीकरण का काम हुआ था। बावजूद इसके अभी भी लाइनलॉस 20 से 25 फीसदी तक है, उन्हीं पर यह काम होगा। इन फीडरों पर आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। भिवानी शहर के आठ और चरखी दादरी के चार शहरी फीडरों पर यह काम होगा।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम भिवानी व चरखी दादरी जिला के तीन लाख 47 हजार बिजली उपभोक्ताओं को चौबीसों घंटे बिजली उपलब्ध कराने के साथ साथ बिजली चोरी रोकने की प्लानिंग पर व्यापक काम करने जा रहा है। इसी कड़ी में शहरी फीडर जो पहले से ही पिलर बॉक्स या सुधारीकरण के दायरे में लाए जा चुके हैं और इन पर करोड़ों रुपयों का बजट पहले से ही खर्च हो चुका है। ऐसे फीडरों पर अभी भी लाइन लॉस संतोषजनक स्थिति में नहीं पहुंचा है। निगम को बिजली चोरी के जरिए लग रही चपत की सभी संभावनाओं पर विराम लगाने के लिए ही इन पर रिवर्क की तैयारी की गई है। रिवर्क के दौरान निगम अधिकारी इन फीडरों पर खुले व नंगे बिजली तारों के साथ साथ प्रॉपर तरीके से सभी बिजली उपकरणों का संचालन सुनिश्चित करेंगे, ताकि बिजली ट्रांसफार्मर से घर तक जाने वाली सप्लाई के बीच में कहीं पर भी कोई बिजली चोरी का जरिया ना बचे। इसके लिए निगम बेयर कंडेक्टर लगाने के साथ साथ बिजली खंभों पर भी अत्याधुनिक उपकरण लगाएगा।
इन शहरी फीडरों पर चल रहा है सबसे अधिक लाइनलॉस
1. कृष्णा कॉलोनी फीडर
2. सिटी फीडर
3. सेक्टर 13
4. एमसी कॉलोनी
5. नया बाजार
6. विद्या नगर
7. हनुमान गेट
8. दिनोद गेट
-----------
चरखी दादरी के शहरी फीडर
1. घिकाड़ा रोड
2. महेंद्रगढ़ बाईपास
3. बस स्टैंड रोड
4. चम्पापुरी
--------------
51 शहरी फीडरों पर बदली 286 किलोमीटर दायरे में 256 किलोमीटर की नंगी बिजली तार
निगम प्रबंधन ने चोरी रोकने के लिए अब तक अब तक भिवानी व चरखी दादरी जिला में 286 किलोमीटर लंबी नंगी तारों में से 257 किलोमीटर के दायरे में नंगी तारों की जगह एलटी एबी केबल लगाई है। इस कार्य पर अब तक 25 करोड़ रुपये का बजट भी खर्च किया जा चुका है। भिवानी में 213 किलोमीटर नंगी तारों में 205 किलोमीटर दायरे के अंदर एबी केबल और दादरी में 73 किलोमीटर दायरे में से 51 किलोमीटर तक एबी केबल डाली गई है। इनमें भिवानी जिला के 37 और दादरी के 14 शहरी फीडर शामिल हैं। इसके अलावा अप्रैल 2020 तक इसी नंगी तारों की जगह एबी केबल लगाने पर 40 करोड़ रुपये का बचट खर्च किया जाएगा।
भिवानी सर्कल में पिछले साल औसतन 21.28 लाइन लॉस था, जो अब घटकर 20.95 तक आ चुका है। लेकिन जिन शहरी फीडरों पर अभी भी 20 से 25 फीसदी तक लाइन लॉस चल रहा है, उन पर बिजली चोरी रोकने के लिए रिवर्क कराकर लॉस 15 फीसदी लाया जाएगा। नंगी तारों में बिजली चोरी की संभावनाएं बनी रहती हैं, इसी के चलते बिजली लाइनों को पूरी तरह से सुरक्षित और अभेद बनाया जाएगा।
- राजकुमार जाजौरिया, निगम महाप्रबंधक भिवानी सर्कल।