भिवानी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों की हर चुनावी गतिविधियों की वीडियोग्राफी होगी। जिला जिला निर्वाचन अधिकारी महावीर कौशिक द्वारा नोडल अधिकारी के नेतृत्व में जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग वीडियो वीविंग टीमों का भी गठन किया है जो वीडियो का बारीकी से अवलोकन करेंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी महावीर कौशिक ने बताया कि विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों द्वारा चुनावी जनसभा-रैलियों व रोड शो आदि का आयोजन किया जाना है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव में होने वाले प्रत्येक खर्च का हिसाब रखा जाएगा और वह चुनावी खर्च में जुड़ेगा। इसी के चलते प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न वीडियो टीमों का गठन किया है तो प्रत्याशियों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी करेंगी, जिसमें कुर्सी, पंडाल, मंच और वहां पर दिए जाने भोजन आदि की वीडियोग्राफी करेंगी, जिससे खर्च का पता चल सके।
उन्होंने बताया कि चुनावी रैली व जनसभा और रोड शो आदि की वीडियोग्राफी का भी बारीकी से अवलोकन किया जाएगा ताकि कहीं भी कोई चूक न रहे और सभी प्रकार का खर्च का पता चल जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी किए गए आदेशानुसार लोहारू विधानसभा क्षेत्र के लिए सीबीएलयू से सहायक प्रो. सुरेश मलिक वीडियो वीविंग टीम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
इसी प्रकार से तोशाम विधानसभा क्षेत्र के लिए बवानीखेड़ा महिला कॉलेज से सहायक प्रो. हेमंत कुमार के नेतृत्व में, तोशाम विधानसभा क्षेत्र के लिए भिवानी राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से विनोद कुमार के नेतृत्व में और बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए राजकीय महाविद्यालय से सहायक प्रो. अजीत कुमार के नेतृत्व में वीडियो वीविंग टीमों का गठन किया है। ये सभी वीडियो वीविंग टीमें वीडियो सर्विलेंस टीमों द्वारा की गई वीडियोग्राफी, रैलियों, जनसभा और रोड शो व अन्य किसी प्रकार के चुनावी कार्यक्रमों की वीडियो का बारीकी से अध्ययन करेंगी। सहायक प्रो. अशोक कुमार और अजीतेंद्र सिंह को रिजर्व में रखा गया है।