फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: 12वीं के भौतिक विज्ञान और अर्थशास्त्र की परीक्षा में आठ पर्यवेक्षकों को कोताही बरतने पर हटाया

Tue, 04 Mar 2025 11:12 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में सरकार और प्रशासन की सख्ती के बावजूद भी नकल के मामले पूरी तरह से नहीं रुके हैं। बोर्ड की मंगलवार को 12वीं कक्षा के भौतिक विज्ञान और अर्थ शास्त्र विषय की परीक्षा के दौरान ड्यूटी में कोताही बरतने पर आठ पर्यवेक्षकों को हटाया गया है। वहीं प्रदेशभर में 38 नकल के मामले भी दर्ज किए गए हैं। मंगलवार को प्रदेशभर में 1070 केंद्रों पर 76,440 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
विज्ञापन




हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मुनीष नागपाल ने बताया कि मंगलवार को 12वीं शैक्षिक व मुक्त विद्यालय की भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र एवं डीएलएड री-अपीयर व मर्सी चांस की परीक्षा हुई। कुछ परीक्षा केंद्रों पर नकल के 38 मामले दर्ज किए गए।

उन्होंने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष के उड़नदस्ते ने सोनीपत के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां नकल के तीन केस दर्ज किए। बोर्ड सचिव के उड़नदस्ते ने भिवानी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां नकल के तीन केस दर्ज हुए।
विज्ञापन




उप सचिव संचालन उड़नदस्ते ने नकल के छह केस दर्ज किए। परीक्षा केंद्र नूंह-16-रावमावि फिरोजपुर नमक से पर्यवेक्षक सुभाष चंद को ड्यूटी से कार्यभार मुक्त कर दिया गया। नकल पर अकुंश लगाने के लिए बोर्ड की ओर से गठित किए गए अन्य उड़नदस्तों की ओर से प्रदेशभर में नकल के 26 मामले दर्ज किए।

उन्होंने बताया कि आरएएफ-3 की ओर से परीक्षा केंद्र रावमावि आंवली-1 (गोहाना) का निरीक्षण किया गया। केंद्र पर नियुक्त पर्यवेक्षक सुरेंद्र कुमार को परीक्षा आरंभ होने उपरांत उनके पास मोबाइल फोन पाए जाने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया। उन्होंने बताया कि सचिव उड़नदस्ते ने परीक्षा केंद्र पुर-2, राकवमावि से पर्यवेक्षक कविता अंग्रेजी अध्यापक तथा पवन कुमार को ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त कर दिया गया।



उन्होंने बताया कि उपमंडल प्रश्न पत्र उड़नदस्ते गोहाना ने परीक्षा केंद्र रावमावि धनाना से पर्यवेक्षक दिलबाग सिंह तथा एसडीएम उड़नदस्ते भिवानी ने परीक्षा केंद्र पुर-2 राकवमावि से पर्यवेक्षक प्रियव्रत को उनके परीक्षा कक्ष में अनियमितता पाए जाने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त एसडीएम उड़नदस्ते गोहाना ने परीक्षा केंद्र कथूरा-1(बी-1) रावमावि से पर्यवेक्षक निरंजन और संजय जेबीटी को उनके ड्यूटी वाले कक्ष में भौतिक विज्ञान विषय की पर्चियां पाए जाने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया और उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई। बुधवार को दसवीं और बारहवीं और डीएलएड री-अपीयर व मर्सी चांस की परीक्षा में 2,18,423 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें