भिवानी के सिटी स्टेशन क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय आठ माह की गर्भवती महिला की मंगलवार अल सुबह संदिग्ध मौत हो गई। महिला को अचानक छाती में दर्द उठा था, जिसके बाद परिजन उसे जींद ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उसकी तबियत ज्यादा खराब हुई तो उसे जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मामले की सूचना सदर पुलिस को दी। पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया।
मूल रूप से जींद के बराड खेड़ा निवासी 25 वर्षीय स्मृति की करीब पांच साल पहले मुंढाल निवासी राजपाल के साथ शादी हुई थी। उसकी एक ढाई साल की बेटी है। स्मृति आठ माह की गर्भवती थी। मृतका के परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले भी स्मृति को अचानक छाती में दर्द महसूस हुआ था। उसे अस्पताल से दवा दिला दी थी और कुछ आराम भी हुआ था। मंगलवार रात को फिर से उसकी तबियत बिगड़ गई।
परिजन उसे मंगलवार सुबह जींद में इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि इसी दौरान उसकी ज्यादा हालत बिगड़ने लगी तो उसे जिला नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के दौरान ही सुबह साढ़े चार बजे स्मृति ने दम तोड़ दिया। सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी ने मृतका के पति और परिजनों के बयान दर्ज कर शव का नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। वहीं पुलिस के जांच अधिकारी दलबीर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का खुलासा होगा।