बहल। बीआरसीएम शिक्षण संस्थान की शारीरिक शिक्षा विभाग की टीम रविवार को ऋषिकेश और हरिद्वार के शैक्षणिक भ्रमण से वापस लौट आई। टीम के सदस्यों ने अपने अनुभव शिक्षण संस्थान निदेशक डॉ. एसके सिन्हा के साथ साझा किए। डॉ. सिन्हा ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के भावनात्मक और आध्यात्मिक विकास के लिए अत्यंत लाभप्रद होते हैं।
विद्यार्थियों ने बताया कि उनकी इस यात्रा में प्रकृति के रोमांच और आध्यात्मिक अन्वेषण का अनूठा मिश्रण रहा। यात्रा में मनोरम पहाड़ी रास्तों पर ट्रैकिंग, तारों के नीचे कैंपिंग, गंगा नदी में व्हाइट वाटर राफ्टिंग और वाटर बॉडी सर्फिंग जैसी कई साहसिक गतिविधियां शामिल थीं। छात्रों ने इन सभी गतिविधियों में भाग लेकर अपने साहस, धैर्य और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साहसिक गतिविधियों के अलावा विद्यार्थियों ने चंडी देवी मंदिर, मनसा देवी मंदिर और भारत माता मंदिर जैसे प्रमुख मंदिरों के दर्शन किए। इस यात्रा ने उन्हें चिंतन, प्रार्थना और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों के साथ गहरे जुड़ाव के अवसर प्रदान किए।